![]()
दरभंगा के तिलकेश्वर थाना क्षेत्र के शंकरपुर भुसकुरुआ गांव में शनिवार को पुलिस ने टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल राकेश यादव को अरेस्ट किया। 37 साल के गिरफ्तार अपराधी के पास से देशी पिस्टल, दो मैगजीन और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार राकेश यादव कुशेश्वरस्थान थाना में एक मामले में वांटेड था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ लूट, डकैती, हत्या, आर्म्स एक्ट, रंगदारी समेत विभिन्न अपराधों से जुड़े कुल 13 मामले दर्ज हैं। बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में तिलकेश्वर थाना और कुशेश्वरस्थान थाना की संयुक्त टीम ने शंकरपुर भुसकुरुआ स्थित राकेश यादव के घर पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद पुलिस ने उसके कमरे की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक उजले रंग के झोले से मैगजीन लगी सिल्वर रंग की देशी पिस्टल बरामद हुई। इसके अलावा एक अन्य लोडेड मैगजीन भी मिली। पुलिस के अनुसार दोनों मैगजीन की जांच करने पर प्रत्येक में चार-चार जिंदा कारतूस मिले। इस तरह कुल आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए। कारतूस की पेंदी पर K.F. 7.65 अंकित पाया गया। पुलिस ने एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और आठ जिंदा कारतूस की जब्ती सूची तैयार कर उन्हें जब्त कर लिया। आरोपी को गिरफ्तारी के कारण और आधार की जानकारी देने के बाद विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामले में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)A के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अपराधी राकेश के खिलाफ 13 आपराधिक मामले पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राकेश कुमार यादव के खिलाफ दरभंगा के कुशेश्वरस्थान और अलीनगर थाना के अलावा समस्तीपुर के सिंघिया थाना में कुल 13 मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2020 में कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र में मारपीट, हथियार अधिनियम, रंगदारी और धमकी से संबंधित मामला दर्ज हुआ था। साल 2021 में उसके खिलाफ कुशेश्वरस्थान थाना में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हुए। इसी वर्ष सिंघिया थाना क्षेत्र में हत्या और लूट से संबंधित मामला भी दर्ज हुआ, जिसमें हत्या की धारा 302, लूट की धारा 394 और आर्म्स एक्ट की धारा शामिल है। कुशेश्वरस्थान थाना में साल 2021 के एक अन्य मामले में डकैती की कोशिश और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत भी केस दर्ज है। साल 2023 में अलीनगर थाना में उसके खिलाफ लूट से संबंधित मामला दर्ज हुआ। साल 2025 में कुशेश्वरस्थान थाना में दर्ज कई मामलों में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जनवरी 2026 में भी उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। जिले के टॉप-10 अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाया जा रहा अभियान छापेमारी में एसडीपीओ बिरौल प्रभाकर तिवारी के अलावा कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष गौरव कुमार, तिलकेश्वर थानाध्यक्ष केसरीनंदन कुमार राम, नदी थानाध्यक्ष सुशील कुमार, कुशेश्वरस्थान थाना के सहायक अवर निरीक्षक रुपेन्द्र कुमार सिंह तथा तिलकेश्वर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में राकेश यादव की गिरफ्तारी और उसके पास से हथियार व कारतूस की बरामदगी को पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
Source link
दरभंगा में टॉप-10 अपराधियों में शामिल राकेश हथियार संग अरेस्ट:दो मैगजीन में मिले 8 जिंदा कारतूस, 6 साल से पुलिस को चकमा दे रहा था
