Headlines

भोपाल में TI से नोकझोंक, हिंदू संगठन ने घेरा थाना:कहा- अंडरस्टैंडिंग बनाकर चलोगे तो फायदे में रहोगे; लव जिहाद की शिकायत पर गए थे थाने




भोपाल में जहांगीराबाद थाने में थाना प्रभारी राजन सिंह और हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। नाबालिग हिंदू लड़की के कथित अपहरण के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जहांगीराबाद थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया था। शनिवार को दोनों के बीच हुई बहस का वीडियो सामने आने के बाद मामला फिर चर्चा में है। बहस थाना प्रभारी के केबिन के अंदर हुई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एक मुस्लिम युवक नाबालिग लड़की को कथित तौर पर अपहरण कर कुरावर से भोपाल ले आया, लेकिन शिकायत के बाद भी पुलिस ने अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। इसी को लेकर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता थाने के बाहर जुटे थे और नाबालिग की जल्द बरामदगी तथा आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। एसीपी दोनों पक्षों को देते रहे समझाइश इसी दौरान थाना प्रभारी के कमरे में चंद्रशेखर तिवारी और राजन सिंह के बीच तीखी बहस हो गई। बातचीत के दौरान एसीपी उमेश तिवारी भी कमरे में मौजूद थे और दोनों पक्षों को समझाइश देते नजर आए। सामने आए वीडियो में चंद्रशेखर तिवारी थाना प्रभारी से कहते सुनाई दे रहे हैं- “अंडरस्टैंडिंग बनाकर चलोगे तो फायदे में रहोगे।” इसके बाद थाना प्रभारी कहते सुनाई देते हैं कि वह “आप-आप करके बात कर रहे हैं”, जबकि सामने से लगातार ऊंची आवाज में बात की जा रही है। थाना प्रभारी को यह कहते भी सुना जा रहा है- “खामोशी से बैठिए। “शुक्रवार को हुई इस नोकझोंक और थाने के घेराव के बाद शनिवार को सामने आए वीडियो ने मामले को और चर्चा में ला दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिग की तलाश और पूरे मामले की जांच जारी है। मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर हिंदू संगठनों में नाराजगी बनी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *