Headlines

लुधियाना में बेटे के सामने पिता की मौत:कार की टक्कर के बाद चढ़ी ए/सी वोल्वो बस, काम से छुट्टी कर घर लौट रहे थे घर




लुधियाना के चंडीगढ़ रोड स्थित गांव जंडियाली के पास एक सड़क हादसा सामने आया है। यहां काम से छुट्टी कर घर लौट रहे एक व्यक्ति को पहले अज्ञात कार चालक ने लापरवाही से टक्कर मारी और फिर पीछे से आ रही तेज रफ्तार सरकारी ए/सी वोल्वो बस ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बेटे के सामने घटित हुआ पूरा हादसा
मृतक की पहचान मुन्ना लाल के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के बेटे विकास कुमार (निवासी विजय सैणी का वेड़ा, जंडियाली) ने बताया कि 22 अगस्त की शाम करीब 04:55 बजे उनके पिता काम से छुट्टी करके पैदल घर लौट रहे थे। विकास भी अपने पिता से कुछ दूरी पर पीछे-पीछे ही आ रहा था। कार टक्कर मारकर भागी, पीछे से बस ने रौंदा
विकास के मुताबिक, जब उनके पिता चंडीगढ़ रोड पर पानी वाली टंकी के पास पहुंचे, तो एक अज्ञात कार चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनके पिता को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। इसी बीच पीछे से आ रही सफेद रंग की सरकारी ए/सी वोल्वो बस (नंबर PB-65-AD-6137) के ड्राइवर ने तेज रफ्तार में बस मुन्ना लाल के ऊपर चढ़ा दी। गंभीर चोटें आने के कारण मुन्ना लाल की मौके पर ही मौत हो गई। सरकारी बस ड्राइवर की पहचान नरेश कुमार, निवासी गांव हवारा कलां, थाना खमाणों मंडी, जिला फतेहगढ़ साहिब और अज्ञात कार ड्राइवर के रूप में हुई है। आरोपी फरार है। पुलिस कार्रवाई और दर्ज धाराएं
हादसे की सूचना मिलते ही थाना जमालपुर की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने विकास कुमार के बयानों पर कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106, 324(4) और 281 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बस ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की मदद से फरार कार चालक की पहचान की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *