![]()
लेग स्पिनर कर्ण शर्मा ने शनिवार देर रात भारत और घरेलू क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान किया। 38 साल के कर्ण ने भारत के लिए 4 मैच खेले हैं, जिनमें 1 टेस्ट, 2 वनडे और 1 टी20 शामिल है। कर्ण ने यूपीटी20 लीग में कानपुर सुपरस्टार्स की ओर से मैच खेलने के बाद अपना फैसला सार्वजनिक किया। वे 25 अगस्त को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मेरठ मेवरिक्स के खिलाफ आखिरी मैच खेलेंगे। कर्ण ने कहा- मंगलवार को आखिरी मैच खेलूंगा कर्ण ने संन्यास का ऐलान करते हुए कहा, “मैं बस संन्यास लेना चाहता हूं। मैं मंगलवार को अपना आखिरी मैच खेलूंगा और इसके बाद सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लूंगा।” उन्होंने आगे कहा, “इसके बाद मैं कोचिंग और क्रिकेट से जुड़ी दूसरी जिम्मेदारियों के लिए उपलब्ध रहूंगा।” कर्ण ने अपने साथ रहे लोगों का आभार जताते हुए कहा, “जिन लोगों ने मेरा साथ दिया, मैं उन्हें धन्यवाद कहना चाहता हूं। मेरा परिवार, बीसीसीआई, रेलवे, यूपीसीए, आंध्र और वे सभी लोग, जिन्होंने इस सफर में मेरा साथ दिया, मैं उनका बहुत आभारी हूं।” 2014 में तीनों फॉर्मेट में इंटरनेशनल डेब्यू मेरठ के रहने वाले कर्ण ने 2014 में तीनों फॉर्मेट में इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना शुरू किया। उन्होंने अपना एकमात्र टेस्ट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में खेला था। कर्ण ने इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में अपना एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मैच खेला। उन्होंने उसी साल श्रीलंका के खिलाफ अपने दोनों वनडे खेले थे। फर्स्ट क्लास में 270 विकेट घरेलू क्रिकेट के अनुभवी कर्ण ने 97 फर्स्ट क्लास मैचों में 270 विकेट लिए। उन्होंने 123 लिस्ट-ए मैचों में 153 विकेट और 191 टी20 मैचों में 168 विकेट लिए। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में रेलवे, आंध्र और विदर्भ का प्रतिनिधित्व किया। कर्ण ने अपने एज-ग्रुप क्रिकेट की शुरुआत उत्तर प्रदेश से की थी। लगातार तीन IPL खिताब जीतने वाले पहले खिलाड़ी कर्ण लगातार तीन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) खिताब जीतने वाले पहले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद, 2017 में मुंबई इंडियंस और 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ खिताब जीता। कर्ण ने अपना चौथा IPL खिताब भी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ 2021 में जीता।
Source link
कर्ण शर्मा ने सभी फॉर्मेट से संन्यास लिया:भारत के लिए 1 टेस्ट, 2 वनडे, 1 टी-20 खेले; यूपी लीग में आखिरी मैच खेलेंगे
