Headlines

बाबा फरीद यूनिवर्सिटी को जल्द मिलेगा नया वीसी:पंजाब सरकार ने 70 आवेदनकर्ताओं में से 3 के नाम का पैनल भेजा, राज्यपाल करेंगे अंतिम फैसला




फरीदकोट में नियुक्तियों की अनियमितताओं और मशीनरी की खरीद-फरोख्त को लेकर विवादों में घिरी बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज को जल्द ही नया वाइस चांसलर (वीसी) मिल सकता है। पंजाब सरकार ने वीसी पद के लिए आवेदन करने वाले 70 डॉक्टरों में से तीन नामों को चयनित किया है और उनका पैनल बनाकर यूनिवर्सिटी के चांसलर व पंजाब के महामहिम राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को भेज दिया है। ऐसे में राज्यपाल की मंजूरी मिलते ही नए वीसी के नाम की घोषणा कभी भी होने की संभावना जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार राज्य सरकार ने वीसी पद के लिए जिन तीन डॉक्टरों का पैनल तैयार कर राज्यपाल पंजाब को भेज दिया है ,उसमें डॉ. राजिंदर बांसल, डॉ. अवनीश और डॉ. बलजिंदर सिंह के नाम शामिल हैं। अब इन तीनों में से एक को वीसी नियुक्त करने का अंतिम फैसला राज्यपाल करेंगे। यूनिवर्सिटी में वीसी डॉ. राजीव सूद का कार्यकाल हाल ही में पूरा हुआ था और उनका कार्यकाल पूरा होने के बाद राज्य सरकार ने आईएएस अधिकारी मनजीत सिंह बराड़ को बाबा फरीद यूनिवर्सिटी का कार्यकारी वीसी नियुक्त कर दिया था। डॉ राजीव सूद का कार्यकाल खत्म होने से पहले नए वीसी पद के लिए प्रक्रिया शुरू की जा चुकी थी और पंजाब सरकार को इस पद के लिए करीब 70 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से चयन प्रक्रिया के बाद सरकार ने इन तीन डॉक्टरों के नामों का पैनल तैयार किया है, जिसे अब अंतिम मंजूरी के लिए राज्यपाल के पास भेजा गया है। बता दें कि इन दिनों बाबा फरीद यूनिवर्सिटी विवादों में घिरी हुई है। फार्मेसी अफसरों की भर्ती परीक्षा में हाईटेक नकल मामला सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी में हर रोज नया खुलासा हो रहा है। बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट ने कुछ दिन पहले बैठक कर वीसी डॉ राजीव सूद के कार्यकाल में हुई 180 नियुक्तियों पर रोक लगाई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *