Headlines

स्कूल गए छात्र की तालाब में डूबने से मौत:गिरिडीह में परिजन स्कूल पहुंच किया हंगामा, विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का लगाया आरोप




गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अंबाटांड़ तालाब में नहाने के दौरान डूबने से आठ वर्षीय छात्र की मौत हो गई। वो स्कूल गया था और वहां से निकल कर तालाब चला आया। इधर, इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया और स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों की मदद से निकाला गया बाहर मृतक की पहचान झगरी निवासी कलीम अंसारी के पुत्र फरहान अंसारी के रूप में हुई है। वह झगरी स्थित उत्क्रमित विद्यालय की दूसरी कक्षा का छात्र था। स्थानीय लोगों की मदद से छात्र को तालाब से बाहर निकालकर तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता कलीम अंसारी ने बताया कि गुरुवार को सुबह करीब नौ बजे उन्होंने अपने बेटे फरहान अंसारी को रोज की तरह पढ़ाई के लिए विद्यालय भेजा था। इसके बाद वह अपने काम पर चले गए। कुछ घंटे बाद उन्हें सूचना मिली कि उनका बेटा अंबाटांड़ तालाब में डूब गया है। स्कूल गया बच्चा तालाब तक कैसे पहुंच गया: परिजन घटना से गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग विद्यालय पहुंचे और विद्यालय प्रबंधन से सवाल किया कि स्कूल जाने वाला बच्चा तालाब तक कैसे पहुंच गया। परिजनों का आरोप है कि यदि विद्यालय में समय पर प्रार्थना सभा और उपस्थिति दर्ज की जाती तथा बच्चों की निगरानी होती तो शायद यह हादसा नहीं होता। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। विद्यालय की शिक्षिका फरीदा खातून ने बताया कि फरहान अंसारी दूसरी कक्षा का छात्र था। वह करीब नौ बजे विद्यालय पहुंचा था, लेकिन अपनी कक्षा में बैग रखने के बजाय तीसरी-चौथी कक्षा में बैग रखकर दो अन्य बच्चों के साथ निकल गया। शिक्षिका ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें बाद में मिली। उन्होंने कहा कि जब परिजन विद्यालय पहुंचकर बच्चे के बारे में पूछताछ करने लगे, तब तक न तो प्रार्थना सभा हुई थी और न ही उपस्थिति पंजी में उसकी हाजिरी दर्ज की गई थी। एक दिन पहले भी तालाब में नहाने गया था परिजनों द्वारा हाजिरी देर से बनाने का कारण पूछने पर उन्होंने बताया कि उस समय विद्यालय में वह अकेली शिक्षिका मौजूद थीं, जबकि अन्य शिक्षक अवकाश पर थे। उन्होंने यह भी बताया कि जानकारी के अनुसार, फरहान एक दिन पहले भी तालाब में नहाने गया था। इस बात की जानकारी मिलने पर उसके माता-पिता ने उसे डांटा और पिटाई भी की थी।

इधर, सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस विद्यालय और घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने परिजनों और विद्यालय के शिक्षकों से पूछताछ की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *