Headlines

लोहारू के 22 गांवों में सोशल ऑडिट 20 से:विकास कार्यों की होगी जांच, ग्रामीणों से बातचीत, पंचायत अधिकारी ने दिए निर्देश




भिवानी जिले के लोहारू खंड में 20 जुलाई से सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) अभियान शुरू होगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। इस अभियान के तहत खंड के 22 गांवों में वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान हुए विकास कार्यों की विस्तृत जांच की जाएगी। वीरवार को हुई एक बैठक में सामाजिक शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी सुरेश कुमार ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक को संबोधित करते हुए सुरेश कुमार ने बताया कि किसी भी गांव में हुए विकास कार्यों में शत-प्रतिशत पारदर्शिता लाने के लिए सामाजिक अंकेक्षण सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने जोर दिया कि सोशल ऑडिट केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह ग्रामीणों की भागीदारी से विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता की जांच करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों, ग्राम सचिवों और जनप्रतिनिधियों से इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया। ऑडिट के दौरान ग्रामीणों के साथ होंगी बैठक सोशल ऑडिट यूनिट की ब्लॉक रिसोर्स को-ऑर्डिनेटर मोनिका ने जानकारी दी कि 20 जुलाई से लोहारू खंड के 22 गांवों में सोशल ऑडिट शुरू होगा। इसमें वित्त वर्ष 2025-26 में विभिन्न योजनाओं के तहत कराए गए विकास कार्यों की जांच की जाएगी। ऑडिट के दौरान गांवों में लाभार्थियों और ग्रामीणों के साथ बैठकें होंगी। इन बैठकों में कार्यों की गुणवत्ता, लागत, पारदर्शिता और लाभार्थियों को मिले वास्तविक लाभ का सत्यापन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, कार्यस्थलों का निरीक्षण कर अभिलेखों का मिलान भी किया जाएगा। सभी दस्तावेज समय से उपलब्ध कराने के निर्देश सुरेश कुमार ने सभी ग्राम सचिवों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोशल ऑडिट के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराए जाएं तथा कार्यस्थलों का निरीक्षण और ग्राम सभाओं का आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए ताकि लोग खुलकर अपनी राय रख सकें और विकास कार्यों का निष्पक्ष मूल्यांकन हो सके। उन्होंने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाना, जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता का आकलन करना है। इससे ग्रामीणों का विश्वास भी मजबूत होगा और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर एबीपीओ तपेश्वर नारायण, ब्लॉक रिसोर्स पर्सन मोनिका, वीआरपी प्रिंस श्योराण, नरेश कुमार सहित सभी ग्राम सचिव, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *