Headlines

बड़वानी शिव डोला: प्रशासन-समिति की बैठक:अधिकारियों ने तैयार की यातायात से लेकर सुरक्षा पर रूपरेखा




बड़वानी में भगवान श्री रामकुल्लेश्वर महादेव के शिव डोला आयोजन की तैयारियों को लेकर प्रशासन और श्री रामकुल्लेश्वर शिव डोला उत्सव समिति के बीच एक बैठक हुई। यह बैठक सोमवार शाम 6.30 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित की गई। 31 अगस्त को शिव डोला निकाला जाएगा। बैठक में यातायात व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर चर्चा की गई। बैठक में एसडीएम भूपेंद्र रावत, डीएसपी महेश सुन्निया, थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन, नगर पालिका सीएमओ सोनाली शर्मा, बिजली कंपनी के अधिकारी और तहसीलदार उपस्थित रहे। बैठक में 31 अगस्त को निकलने वाले शिव डोले के मुख्य मार्ग, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। आयोजन के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। शहर में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए निर्धारित स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था पर जोर दिया गया। एसडीएम भूपेंद्र रावत और थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने आमजन से अपील की कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित न हो। नगर के पशु मालिकों से भी अनुरोध किया गया कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें, बल्कि घर या सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखें, जिससे आयोजन में कोई बाधा न आए। समिति सदस्यों ने बताया कि कारंजा चौपाटी, झंडा चौक और पाला बाजार में पर्व के दौरान भारी भीड़ रहती है। इन क्षेत्रों में यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष व्यवस्था और वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग की आवश्यकता है। समिति ने डोला मार्ग पर मौजूद गड्ढों को मुरुम से भरकर पैचवर्क कराने, पूरे मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने और नगर पालिका से साफ-सफाई कराने की मांग रखी। सफाईकर्मी और पानी के टैंकर की मांग समिति की ओर से डोला प्रांगण में मुरुम फिलिंग, कचरा वाहन, सफाईकर्मी और पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। मार्ग से मवेशियों और अनावश्यक सामग्री को हटाने तथा निर्माणाधीन परिसरों के आसपास साफ-सफाई कराने पर भी जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त, बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी के टैंकर, स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंबुलेंस और डॉक्टरों की व्यवस्था कराने का सुझाव भी दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *