![]()
दुर्ग जिले की पुलगांव पुलिस ने जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने एक ही प्लॉट का सौदा कई लोगों से किया, उनसे ब्याना और उधारी के नाम पर रकम ली, लेकिन न तो रजिस्ट्री कराई और न ही पैसे लौटाए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी ग्राम दमोदा निवासी नोकेश देशमुख और उसकी पत्नी नेहा देशमुख हैं। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि कहीं और लोगों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी तो नहीं की गई। सौदा तय होने के बाद भी नहीं की रजिस्ट्री
कोहका की रहने वाली संतोषी नेताम ने पुलगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि प्रदीप चतुर्वेदी के जरिए उनकी पहचान नोकेश देशमुख से हुई थी। नोकेश और उसकी पत्नी नेहा ने ग्राम अंजोरा स्थित प्लॉट नंबर-8 को 5.50 लाख रुपये में बेचने की बात कही थी। इस पर सौदा तय हो गया। संतोषी ने अलग-अलग तारीखों में ऑनलाइन और नकद मिलाकर कुल 5.20 लाख रुपये आरोपियों को दिए। बाद में आरोपियों ने व्यवसाय में पैसों की जरूरत बताकर 2.80 लाख रुपये और उधार मांगे। यह रकम संतोषी की मां श्यामवती जंघेल ने एनईएफटी के जरिए आरोपियों के बैंक खाते में भेजी। इस तरह आरोपियों ने कुल 8 लाख रुपये ले लिए। रकम मिलने के बाद भी नहीं करवाई रजिस्ट्री
रकम मिलने के बाद भी आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। काफी समय तक टालमटोल करने पर संतोषी ने ऑनलाइन भूइयां पोर्टल पर जमीन की जानकारी निकाली। तब पता चला कि जिस प्लॉट का सौदा उनसे किया गया था, उसकी रजिस्ट्री पहले ही 23 जून 2026 को थनोंद निवासी मनीषा देवांगन के नाम हो चुकी है। तीन और लोगों को बेचा यही प्लाट, सभी से लिए एडवांस
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने इसी प्लॉट के नाम पर दीपक कुमार चौबे, दुर्गा शर्मा और दिनेश कुमार पांडे समेत अन्य लोगों से भी ब्याना लिया था। यानी एक ही जमीन का सौदा कई लोगों से कर लाखों रुपये वसूलने का आरोप सामने आया है। पुलिस ने शिकायत और बैंक लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिली हैं। पुलिस ने बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
Source link
दुर्ग में एक ही प्लॉट को चार लोगों को बेचा:सभी से एडवांस और उधारी लिए, 8 लाख लेकर भी नहीं कराई रजिस्ट्री, पति-पत्नी गिरफ्तार
