Headlines

युवक पर पत्थरों से 8 वार, 14 बार चप्पल मारी:सीधी में पिटाई का VIDEO, पेड़ काटने का विरोध करने पर मारपीट




सीधी जिले के बम्हनी चौकी क्षेत्र में यूकेलिप्टस के पेड़ों को लेकर चल रहे विवाद में एक युवक की पिटाई का वीडियो शेयर हुआ है। चौफाल निवासी सोनू साकेत के साथ पत्थर, लात-घूंसों और चप्पलों से मारपीट की गई। यह घटना रविवार शाम करीब 4 बजे हुई थी, जिसका वीडियो मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। वीडियो में सोनू साकेत पर हुए हमले का दृश्य कैद है। वीडियो के मुताबिक, उस पर करीब 8 बार पत्थर से हमला किया गया और एक महिला ने उसे लगभग 14 बार चप्पल से पीटा। इसके अतिरिक्त, उसे लात-घूंसों से भी मारा गया। घटना के समय सोनू साकेत के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है। इन पर लगे आरोप पीड़ित सोनू साकेत ने चरकू साकेत, मनोज साकेत और दो अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। सोनू के अनुसार, आरोपियों के साथ उनका यूकेलिप्टस के पेड़ों को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। उसने बताया कि पहले भी इसी विवाद में उसके पिता के साथ मारपीट की गई थी, जब वे पेड़ों को काटने का विरोध कर रहे थे। उस घटना में उसके पिता के हाथ और पैर टूट गए थे, जिसकी पुलिस रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। वहीं, चरकू साकेत ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि पहले सोनू साकेत ने उनके साथ मारपीट की थी। उनके मुताबिक, सोनू थाने से लौटने के बाद गाली-गलौज करने लगा, जिससे विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट हुई। पुलिस क्या बोली? बम्हनी चौकी प्रभारी विकास सिंह गहरवार ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के साथ मारपीट की है और यह विवाद कई दिनों से चला आ रहा था। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। भविष्य में ऐसे विवादों को रोकने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *