![]()
उम्र बढ़ने के साथ शरीर में कई ऐसे बदलाव होने लगते हैं, जिन्हें सामान्य मानकर नजरअंदाज कर दिया जाता है। पैरों का आकार बदलना, त्वचा का सूखना और लंबे समय तक खुजली रहना इनमें शामिल हैं। एक्सरसाइज के दौरान दिल की धड़कन की अधिकतम सीमा का पहले की तुलना में कम होना भी उम्र बढ़ने का संकेत हो सकता है। उम्र के साथ पैरों को सहारा देने वाले लिगामेंट्स और मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं। इससे पैरों में झुकाव आ सकता है और उनका आकार लंबा या चौड़ा हो सकता है। एड़ी और तलवों के नीचे मौजूद फैट भी कम होने लगता है। ऐसे में कठोर फर्श पर नंगे पैर चलने पर हड्डियों या कंकड़ पर चलने जैसा दर्द महसूस हो सकता है। विशेषज्ञ घर में भी मजबूत चप्पल या सैंडल पहनने की सलाह देते हैं। त्वचा भी उम्र के साथ पतली और शुष्क होने लगती है। उसमें बारीक दरारें पड़ने से सूजन और खुजली बढ़ सकती है। मेयो क्लिनिक की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. सरन्या पी. वाइल्स के मुताबिक, इसका संबंध त्वचा की कमजोर सुरक्षात्मक परत, इम्यून सिस्टम और त्वचा के नीचे मौजूद नर्वस सिस्टम में होने वाले बदलावों से हो सकता है। हालांकि, बिना दाने के 6 सप्ताह या उससे अधिक समय तक रहने वाली खुजली को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह किडनी या लिवर की बीमारी का संकेत भी हो सकती है। इससे राहत के लिए गुनगुने पानी से नहाने, नियमित मॉइस्चराइजर लगाने और ओटमील वाले उत्पाद इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है। आराम की स्थिति में हृदय की गति सामान्य रह सकती है, लेकिन उम्र बढ़ने के साथ एक्सरसाइज के दौरान धड़कन की अधिकतम सीमा कम हो सकती है। इसका कारण दिल के प्राकृतिक पेसमेकर की गति धीमी होना या नर्वस सिस्टम के संकेतों पर हृदय की प्रतिक्रिया में बदलाव हो सकता है। एक्सरसाइज के दौरान अचानक सांस फूलने या धड़कन में असामान्य बदलाव होने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। स्वाद में भी बदलाव होता है उम्र बढ़ने के साथ स्वाद महसूस करने की क्षमता भी कम होने लगती है। 2025 में 1,392 लोगों पर किए गए एक अध्ययन के अनुसार, स्वाद की समझ 30 की उम्र से ही कम होने लगती है। 60 वर्ष की आयु के बाद इसमें तेज गिरावट आती है। भोजन बेस्वाद लगने पर अधिक नमक डालने के बजाय जड़ी-बूटियों, मसालों, नींबू या नमक के सुरक्षित विकल्पों का उपयोग करना चाहिए।
Source link
पैरों के आकार में बदलाव भी बढ़ती उम्र का संकेत:उम्र बढ़ने पर शरीर में दिखते हैं कई संकेत; लंबे समय तक रहती है खुजली
