![]()
छत्तीसगढ़ में हॉकी खिलाड़ियों को नया मंच देने के लिए राज्य स्तरीय हॉकी लीग शुरू होने जा रही है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। लीग का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। आयोजकों के मुताबिक, यह देश में किसी राज्य की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग होगी। इसे हॉकी इंडिया लीग की तरह प्रोफेशनल तरीके से आयोजित किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को नवीन विश्राम भवन में लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि लीग का मकसद छत्तीसगढ़ के युवा हॉकी खिलाड़ियों को बड़ा मंच देना और उन्हें देश के बेहतर खिलाड़ियों के साथ खेलने का अनुभव दिलाना है। 6 टीमें, प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व लीग के पहले सीजन में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली 6 टीमें शामिल होंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं। इन टीमों के जरिए प्रदेश की अलग-अलग क्षेत्रीय पहचान और हॉकी प्रतिभाओं को एक मंच मिलेगा। टॉप-4 टीमें खेलेंगी सेमीफाइनल प्रतियोगिता में सभी 6 टीमें लीग मुकाबले खेलेंगी। मुकाबलों के बाद अंक तालिका में शीर्ष 4 स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। इसके बाद दोनों सेमीफाइनल के विजेता फाइनल में आमने-सामने होंगे। लीग के सभी मैचों में अंपायर और तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति हॉकी इंडिया की ओर से की जाएगी। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का अनुभव उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की पुरानी और मजबूत परंपरा रही है। प्रदेश में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्हें बड़े स्तर की प्रतिस्पर्धा और अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने के ज्यादा अवसर की जरूरत है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग इन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुभव और प्रतिस्पर्धी माहौल से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। लोगो में छत्तीसगढ़ का नक्शा, टैगलाइन ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ लीग का लोगो छत्तीसगढ़ के नक्शे पर आधारित है। इसमें केसरिया और हरे रंग का इस्तेमाल किया गया है। आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेश के लगातार आगे बढ़ने और प्रगति का प्रतीक है। लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है। इसका अर्थ है- ‘चलो दोस्त, हॉकी खेलते हैं।’ शुभंकर ‘बघवा’, मनोरंजन कार्यक्रम भी होंगे लीग का आधिकारिक शुभंकर ‘बघवा’ है, जो बाघ पर आधारित है। इसे छत्तीसगढ़ के जंगलों और वन्यजीव विरासत के साथ साहस, शक्ति और निडरता का प्रतीक बताया गया है। टूर्नामेंट के दौरान हॉकी मैचों के साथ रोजाना विशेष मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। खास बात यह है कि लीग के सभी मुकाबलों में दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इससे बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों और युवाओं के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, संयुक्त संचालक प्रभाकर पाण्डेय और छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
छत्तीसगढ़ में देश की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग:6 टीमें लेंगी हिस्सा, 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक हो सकता है आयोजन
