![]()
कोरबा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने गांजा बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 305 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। वहीं, सार्वजनिक जगह पर गांजा रखने और सेवन करने के मामले में एक अन्य युवक को भी पकड़ा गया है। इसके अलावा पुलिस ने ऑपरेशन बाज के तहत लंबे समय से फरार चल रहे 5 वारंटियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि राताखार अटल आवास निवासी राजू केसरी (25) गांजे की पुड़िया बनाकर बेच रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को गांजा बेचते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 305 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। गांजा रखने और सेवन करने के मामले में दूसरा युवक गिरफ्तार एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने पानी टंकी नर्सरी मोहल्ला निवासी शंकर दास (22) को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, उसके पास से 5 ग्राम गांजा मिला। इस मामले में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। ऑपरेशन बाज के तहत 5 वारंटी गिरफ्तार कोरबा पुलिस ने ऑपरेशन बाज के तहत लंबे समय से फरार चल रहे 5 वारंटियों को भी गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
Source link
कोरबा में गांजा बेचते युवक पकड़ाया:आरोपी से 305 ग्राम गांजा जब्त, ऑपरेशन बाज में 5 वारंटी भी पकड़े गए
