![]()
नूंह जिले के ढेंकली गांव में एक विवाहिता की दहेज के लिए हत्या का आरोप लगा है। मृतका के भाई मोहम्मद इमरान ने जयसिंहपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें पति समेत 11 लोगों पर कार और 7.50 लाख रुपए दहेज में न मिलने पर प्रताड़ित करने और जहर देकर हत्या करने का आरोप है। मोहम्मद इमरान की शिकायत के अनुसार, उनकी बहन साहिना की शादी 25 जून 2024 को ढेंकली निवासी नौशाद के साथ हुई थी। साहिना के पिता असरूदीन ने शादी में करीब साढ़े चार लाख रुपए खर्च किए थे, जिसमें घरेलू सामान, सोना-चांदी, मोटरसाइकिल और 32 हजार रुपए नकद शामिल थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष कथित तौर पर अतिरिक्त दहेज की मांग करता रहा। कार और 7.50 लाख लाने का दबाव आरोप है कि साहिना पर मायके से कार और 7.50 लाख रुपए लाने का दबाव बनाया जा रहा था। यह मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि कुछ समय बाद कथित तौर पर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया था। मायके वालों को मिलने की अनुमति नहीं परिजनों के अनुसार, 5 अगस्त को उन्होंने गांव के प्रतिष्ठित लोगों के साथ साहिना के ससुराल जाकर समझौता कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बाद नौशाद साहिना को वापस अपने घर ले आया, लेकिन उसके मायके वालों को उससे मिलने या बात करने की अनुमति नहीं दी गई। इन 11 लोगों को बनाया आरोपी मामले में सबसे गंभीर आरोप 24 अगस्त का है। शिकायत में कहा कि नौशाद ने साहिना के भाई साहिद को फोन पर बताया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर साहिना को जहर देकर मार दिया गया है। शिकायत में नौशाद, दिलशाद, इरशाद, सोयब, रिहासा, मुनिया, हारूनी, मुबारिक, आमिर और जाहिद सहित कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच में जुटी पुलिस जयसिंहपुर चौकी प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नलहड़ में रखवाया गया है और मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह और जिम्मेदार लोगों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Source link
नूंह में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या:जहर देने का आरोप, कार और ₹7.50 लाख लाने का दबाव; पति समेत 11 पर केस
