ज्ञापन देने पहुंचे प्रजापति समाज की अधिकारियों से बहस:कलेक्टर को बुलाने पर अड़े, SDM बोले- मैं ले लेता हूं; 11 लोगों ने जाकर दी कंप्लेंट




राजगढ़ कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को प्रजापति समाज के लोगों और अधिकारियों के बीच ज्ञापन देने को लेकर बहस हो गई। समाज के लोग कलेक्टर डॉ. गिरीश मिश्रा को सीधे ज्ञापन देना चाहते थे। SDM सुशील कुमार ने खुद ज्ञापन लेने की बात कही। इस दौरान समाज के प्रदेश अध्यक्ष आरएन प्रजापति, SDM और टीआई मंजू मखेनिया के बीच भी बहस हुई। प्रजापति समाज के लोग कलेक्टर कार्यालय पहुंचे थे। वे एक छात्र से स्कूल में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी के मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे थे। लोगों का कहना है कि उन्होंने 21 अगस्त को भी SDM को ज्ञापन दिया था। अब तक कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से वे कलेक्टर से सीधे मिलना चाहते थे। SDM बोले- कलेक्टर बाहर आकर ज्ञापन नहीं लेंगे SDM सुशील कुमार ने कहा कि कलेक्टर बाहर आकर ज्ञापन नहीं लेंगे। उन्होंने बताया कि कलेक्टर ने उन्हें ज्ञापन लेने के लिए भेजा है। उन्होंने समाज के लोगों से उनके साथ चलकर बात करने को कहा। SDM ने जनसुनवाई के दौरान सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक ज्ञापन देने का सुझाव भी दिया। इस पर आरएन प्रजापति ने कहा कि ऐसा कोई नियम नहीं है कि कलेक्टर बाहर आकर ज्ञापन नहीं ले सकते। उन्होंने कहा कि कलेक्टर के बाहर आने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। SDM ने जवाब दिया कि कलेक्टर रोज दिनभर ज्ञापन लेने के लिए बाहर नहीं खड़े रह सकते। महिला टीआई से भी हुई बहस इस दौरान आरएन प्रजापति की टीआई मंजू मखेनिया से भी बहस हुई। टीआई ने उनसे महिला अधिकारी से ठीक तरीके से बात करने को कहा। आरएन प्रजापति ने कहा कि छात्र के मामले में पुलिस कार्रवाई करती तो समाज को यहां आने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने पीड़ित परिवार के डरे होने और धमकियां मिलने का भी आरोप लगाया। 11 लोगों को कलेक्टर से मिलने की अनुमति काफी देर की बहस के बाद समाज के 11 लोगों को कलेक्टर से मिलने की अनुमति दी गई। कलेक्टर बाहर नहीं आए। समाज के लोग उनके चैम्बर में पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छात्र से मारपीट के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और पीड़ित छात्र व उसके परिवार को सुरक्षा देने की मांग की गई। समाज ने ऐसी घटनाओं को दोबारा रोकने के लिए भी कार्रवाई की मांग की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *