![]()
देश में चीनी के दाम अचानक बढ़ने के विरोध में चंडीगढ़ कांग्रेस आज लोगों को चीनी बांटेगी। चंडीगढ़ कांग्रेस की ओर से यह कार्यक्रम सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में दोपहर करीब 12:30 बजे आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पिछले कुछ समय में चीनी के दाम में कई जगह 15 से 20 रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है। इससे आम परिवारों के घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ रहा है। चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लकी ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद से लगातार महंगाई बढ़ रही है। पेट्रोल से लेकर खाने-पीने की जरूरी चीजों तक के दाम बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का बोझ लगातार आम लोगों पर पड़ रहा है। चीनी के बढ़े दामों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन कांग्रेस नेताओं के अनुसार चीनी ऐसी रोजमर्रा की जरूरत की वस्तु है, जिसका इस्तेमाल लगभग हर घर में होता है। इसके दाम अचानक बढ़ने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इसी के विरोध में कांग्रेस की ओर से लोगों को चीनी बांटकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि बाजार में अलग-अलग जगहों पर चीनी के दाम में 15 से 20 रुपए तक की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पार्टी का आरोप है कि महंगाई को नियंत्रित करने के लिए सरकार की ओर से पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। हर जरूरी सामान महंगा हो रहा चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लकी ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और खाने-पीने की चीजों के दाम में लगातार बदलाव हो रहा है। लकी ने कहा कि पेट्रोल के दाम पहले बढ़ाए जाते हैं और फिर कुछ रुपए कम कर दिए जाते हैं। इसके बाद दोबारा कीमतें बढ़ जाती हैं। इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि रसोई का खर्च, आने-जाने का खर्च और रोजमर्रा की जरूरतों पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ रहा है। कांग्रेस भवन में बांटी जाएगी चीनी चंडीगढ़ कांग्रेस की ओर से बुधवार को सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोपहर करीब 12:30 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता लोगों को चीनी बांटेंगे। पार्टी इसे बढ़ती महंगाई के खिलाफ सांकेतिक विरोध के तौर पर देख रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार तक आम लोगों की परेशानी पहुंचाने के लिए यह कार्यक्रम किया जा रहा है। पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार महंगाई के मुद्दे पर आम जनता को राहत देने में विफल रही है। राजा दी किंग ने लगाया था पेट्रोल लंगर चंडीगढ़ में महंगाई को लेकर यह पहला ऐसा कार्यक्रम नहीं है। इससे पहले ‘राजा दी किंग’ की ओर से लोगों को मुफ्त पेट्रोल देने के लिए पेट्रोल लंगर लगाने का ऐलान किया गया था। कार्यक्रम को लेकर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की बात सामने आई थी। कार्यक्रम वाले दिन चंडीगढ़ में तेज बारिश भी हुई थी। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से मौके पर भीड़ बढ़ गई थी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजक को हिरासत में ले लिया था, जिसके बाद पेट्रोल लंगर का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया था। महंगाई पर कांग्रेस लगातार सरकार को घेर रही चंडीगढ़ कांग्रेस का कहना है कि पेट्रोल और खाद्य पदार्थों के बाद अब चीनी के दाम बढ़ने से आम परिवारों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पार्टी आने वाले दिनों में भी महंगाई के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ आवाज उठाने की तैयारी में है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सेक्टर-35 में लोगों को चीनी बांटने के साथ महंगाई के मुद्दे पर सरकार का विरोध किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि आम लोगों को राहत देने के लिए जरूरी सामान के दाम कम किए जाने चाहिए।
Source link
महंगाई के खिलाफ चंडीगढ़ कांग्रेस आज बांटेगी चीनी:भाजपा सरकार आने के बाद लगातार बढ़ रही महंगाई, सेक्टर-35 कांग्रेस भवन में होगा कार्यक्रम
