![]()
जयपुर की सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सक्रियता अब देर रात भी नजर आने लगी है। जिला कलेक्टर संदेश नायक मंगलवार देर रात अचानक शहर की सड़कों पर सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकल पड़े। खास बात यह रही कि कलेक्टर सरकारी गाड़ी के बजाय स्कूटी पर सवार होकर परकोटे में निरीक्षण करने पहुंचे। कलेक्टर संदेश नायक ने अजमेरी गेट से स्कूटी पर बैठकर चारदीवारी क्षेत्र का दौरा शुरू किया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर (ईस्ट) नरेंद्र कुमार वर्मा उनके सारथी बने। एडीएम नरेंद्र कुमार वर्मा खुद स्कूटी चला रहे थे, जबकि कलेक्टर पीछे बैठकर शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेते रहे। अजमेरी गेट से परकोटे तक सफाई का जायजा देर रात हुए इस निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परकोटे के अलग-अलग हिस्सों में सफाई व्यवस्था देखी। किन इलाकों में सफाई हुई है और कहां अभी व्यवस्था में सुधार की जरूरत है, इसे लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गई। कलेक्टर का फोकस सिर्फ सफाई व्यवस्था तक सीमित नहीं रहा। निकाय चुनाव को लेकर लागू आचार संहिता की स्थिति और उससे जुड़े अपडेट भी अधिकारियों से लिए गए। निगम ने शुरू किया सघन सफाई अभियान दरअसल, जयपुर शहर में बुधवार से सघन सफाई अभियान की शुरुआत की गई है। नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान के तहत शहर के अलग-अलग इलाकों में सफाई व्यवस्था को बेहतर करने पर फोकस किया जा रहा है। निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने सांगानेर और मानसरोवर क्षेत्र का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अभियान के तहत चल रहे सफाई कार्यों और मौके की स्थिति को देखा। वहीं, जिला कलेक्टर संदेश नायक ने चारदीवारी क्षेत्र का मोर्चा संभाला और देर रात खुद मौके पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। पहले भी साथ कर चुके हैं शहर का निरीक्षण कलेक्टर संदेश नायक और निगम कमिश्नर ओम कसेरा इससे पहले भी संयुक्त रूप से जयपुर शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर चुके हैं। अब सघन सफाई अभियान की शुरुआत के साथ प्रशासन और निगम के अधिकारी लगातार फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
Source link
स्कूटी पर औचक निरीक्षण के लिए निकले कलेक्टर संदेश नायक:देर रात परकोटे में लिया सफाई व्यवस्था का जायजा, निगम ने शुरू किया सफाई अभियान
