Headlines

सरायकेला में युवती की संदिग्ध अवस्था में मौत:साई कृष्णा हेवन सिटी में पांचवीं मंजिल से गिरी, परिचित से मिलने की बात कह गई थी फ्लैट में




आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतबोहनी स्थित साई कृष्णा हेवन सिटी अपार्टमेंट में गुरुवार को एक 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान सतबोहनी निवासी खुशबू कुमारी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, खुशबू गुरुवार को साई कृष्णा हेवन सिटी पहुंची थी। उसने प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षा गार्ड को बताया कि वह फ्लैट नंबर 515 में अपने किसी परिचित से मिलने जा रही है, जिसके बाद उसे अंदर जाने दिया गया। कुछ ही देर बाद अपार्टमेंट परिसर में उसके नीचे गिरने की सूचना मिली। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही मृतका के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि खुशबू फ्लैट नंबर 515 में किससे मिलने गई थी और वहां उसके साथ क्या घटनाक्रम हुआ। इसके अलावा, युवती का फ्लैट में रहने वाले लोगों से क्या संबंध था और घटना से पहले वहां क्या स्थिति बनी थी, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल, मामले को आत्महत्या की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी तथ्यों के सामने आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ फ्लैट में मौजूद लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *