![]()
जालंधर में आज महिला कांग्रेस की अगुवाई में केंद्र की बीजेपी और राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया गया। बढ़ती महंगाई से बेहाल आम जनता को राहत देने और विरोध जताने के लिए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर ‘मुफ्त प्याज का लंगर’ लगाया।
प्रदर्शनकारियों ने ऐलान किया है कि प्याज के बाद अब जल्द ही चीनी का लंगर भी लगाया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आज मोदी सरकार के राज में गरीब दिहाड़ीदार का जीना दुश्वार हो गया है। सिलेंडर, चीनी और सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे लोग पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल को याद करने पर मजबूर हैं। नेताओं ने आरोप लगाया कि ‘आप’ सरकार महिलाओं को हजार-हजार रुपये देने का वादा करके चीनी और सब्जियों पर मनमाने दाम बढ़ाकर जनता की जेब काट रही है।
कांग्रेस ने कर्मचारियों के धरने को दिया समर्थन
कांग्रेस ने प्रदेश में चल रही सरकारी कर्मचारियों (मुलाजिमों) की हड़ताल का पुरजोर समर्थन किया है। प्रदर्शनकारी नेताओं ने कहा कि 1977 के बाद आज पंजाब में ऐसे हालात बने हैं कि लगभग हर सरकारी महकमा हड़ताल पर है। पुरानी पेंशन योजना (OPS) और डीए (DA) की मांग कर रहे मुलाजिमों को उनका हक देने के बजाय पंजाब सरकार कोर्ट-कचहरी में मामले को उलझा रही है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के ‘या तो हड़ताल कर लो या मीटिंग’ वाले बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपने हक के लिए आवाज उठाने का अधिकार है। कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ हड़ताली कर्मचारियों के साथ खड़ी है और आने वाले चुनावों में जनता इस तानाशाही का जवाब वोट से देगी।
Source link
जालंधर कांग्रेस ने लगाया प्याज का लंगर:मुफ्त प्याज बांटे; कहा- आप और बीजेपी ने गरीबों की कमर तोड़ी, चीनी के लंगर का भी एलान
