टीचर की हत्या कर 8 शहरों में छिपा पति:4 महीने बाद हिसार लौटते ही गिरफ्तार, 8 साल पहले हुई थी शादी




हिसार में घरेलू कलह के कारण पत्नी की बेरहमी से हत्या कर 4 महीने से फरार चल रहे 50 हजार रुपए के इनामी आरोपी सौरभ आनंद को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 7 विशेष टीमों को चकमा दे रहा आरोपी आखिरकार पहचान उजागर होने के बाद पकड़ा गया। मामला सेक्टर-13 का है, जहां संत नगर निवासी सोनिया की शादी 2016 में आरोपी सौरभ आनंद से हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही घरेलू क्लेश चल रहा था। घटना से करीब तीन महीने पहले भी आरोपी ने सोनिया का गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की थी। 30 अप्रैल 2026 को आरोपी अचानक गायब हो गया, जिसकी शिकायत सोनिया ने पुलिस में दी। शाम को वह लौट आया। इसके बाद 1 मई 2026 को सोनिया का शव घर में खून से लथपथ मिला। पास ही खून से सनी प्रेस पड़ी थी। शिकायतकर्ता भाई का आरोप है कि घरेलू विवाद में जीजा ने प्रेस से वार कर सोनिया की हत्या कर दी। 4 महीने तक इसलिए पकड़ में नहीं आया वारदात के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए पूरी तरह से डिजिटल डिटॉक्स और अंडरग्राउंड मोड में चला गया था। आरोपी ने अपना हुलिया बदल लिया था, ताकि पहचान में न आए। उसने अपनी असली पहचान उजागर नहीं होने दी और तकनीकी निगरानी (सर्विलांस) से दूर रहा। वह ठहरने और खाने के लिए गुरुद्वारों व मंदिरों का इस्तेमाल करता रहा, जहां आमतौर पर पहचान पत्र की गहन जांच से बचा जा सकता है। फरारी के दौरान आरोपी ने मुख्य रूप से 4 राज्यों हरियाणा, पंजाब,मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के 8 शहरों में शरण ली। आरोपी रेवाड़ी, चंडीगढ़, अमृतसर, दिल्ली, उज्जैन, हरिद्वार, मथुरा और अयोध्या जाकर छिपा। चाय की दुकान पर कैमरा मैन की सतर्कता से खुला राज 26 अगस्त को आरोपी भेष बदलकर हिसार के मॉडल टाउन इलाके के पास एक चाय की दुकान पर बैठा था। तभी वहां से गुजर रहे एक कैमरा मैन की नजर उस पर पड़ी। कैमरा मैन पहले से आरोपी को जानता था, इसलिए उसने उसके नाम से पुकारा। पहचान उजागर होते ही आरोपी भागने लगा। कैमरा मैन ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना सिविल लाइन प्रभारी PSI कर्मजीत की टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *