Headlines

कटिहार नगर निगम ने शुरू किया ‘आवास पूर्ण महाअभियान’:अधूरे आवासों को पूरा कराने पर जोर, सितंबर के पहले सप्ताह तक काम पूरा करने की अपील




कटिहार नगर निगम ने प्रधानमंत्री सबके लिए आवास योजना के तहत अधूरे आवासों को पूरा कराने के लिए विशेष ‘आवास पूर्ण महाअभियान’ शुरू किया है। इस अभियान के तहत गुरुवार, 27 अगस्त 2026 को वार्ड संख्या 23, 24 और 25 के लाभार्थियों के साथ रामपारा के सामुदायिक भवन में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वार्ड संख्या 23 की पार्षद रेशमा रानी, वार्ड संख्या 24 के पार्षद मो. इज़हार अली और वार्ड संख्या 25 के पार्षद कैलाश शर्मा उपस्थित थे। इसमें उन लाभार्थियों को विशेष रूप से बुलाया गया था, जिन्हें योजना के तहत पहली या दूसरी किस्त की राशि मिल चुकी है, लेकिन उनके आवास का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। नगर आयुक्त संतोष कुमार ने लाभार्थियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और आवास निर्माण में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने लाभार्थियों की परेशानियों को समझते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। साथ ही, सभी से निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवास पूरा करने की अपील की। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सितंबर 2026 के बाद आवास निर्माण पूरा करने वाले लाभार्थियों को सरकार से मिलने वाली शेष सहायता राशि प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है। उन्होंने सभी लाभार्थियों से सितंबर माह के पहले सप्ताह तक अपने आवास का निर्माण कार्य पूरा करने का आग्रह किया, ताकि उन्हें शेष सरकारी राशि समय पर मिल सके। यह जानकारी दी गई कि विभाग की ओर से HFA 1.0 योजना को सितंबर 2026 तक पूरा करने का निर्देश प्राप्त हुआ है। इसी विभागीय निर्देश का पालन करने और लंबित आवासों को समय पर पूरा कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा यह 15 दिवसीय विशेष ‘आवास पूर्ण महाअभियान’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के सभी 1 से 45 वार्डों में लाभार्थियों के साथ क्रमवार बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में अधूरे आवासों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी, लाभार्थियों की समस्याएं सुनी जाएंगी और निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रेरणा दी जाएगी। नगर आयुक्त ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र लाभार्थी का आवास अधूरा न रहे। उन्होंने लाभार्थियों से सरकारी योजना का लाभ सुनिश्चित करने के लिए निर्माण कार्य समय पर पूरा करने की अपील की। नगर निगम का लक्ष्य विभाग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लंबित आवासों को पूर्ण कराना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *