Headlines

आठ माह से फरार अपहरण आरोपी की संपत्ति कुर्क,:13 वर्षीय किशोरी अब भी लापता, आरोपी पर 10 हजार का पुरस्कार भी है, घोषित




अयोध्या जिले के इनायतनगर थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी के अपहरण के मामले में नामजद आरोपी अमित कुमार उर्फ कल्लू के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुकदमा दर्ज होने के करीब आठ माह बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और किशोरी की बरामदगी भी नहीं हो सकी है। गुरुवार 27 अगस्त की देर शाम न्यायालय के निर्देश पर इनायतनगर पुलिस ने आरोपी की चल-अचल संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, किशोरी के पिता ने 6 दिसंबर 2025 को इनायतनगर थाने में लिखित तहरीर देकर अपनी 13 वर्षीय बेटी के अपहरण की सूचना दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अमित कुमार उर्फ कल्लू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी और किशोरी की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या डॉ. गौरव ग्रोवर की ओर से उस पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया जा चुका है। इसके बावजूद आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा। न्यायालय के आदेश पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 84 के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई भी पूरी की जा चुकी है, लेकिन इसके बाद भी उसने न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं किया। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि आरोपी के मकान पर 7 जुलाई 2026 की शाम करीब पांच बजे कुर्की की नोटिस चस्पा कराने के साथ मुनादी भी कराई गई थी। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी आरोपी ने आत्मसमर्पण नहीं किया। इसके चलते न्यायालय के निर्देशानुसार गुरुवार को उसकी चल एवं अचल संपत्तियों की कुर्की कर दी गई। कुर्की की कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिवाकर पांडेय, कांस्टेबल अर्पित शुक्ला, शुभम और महिला कांस्टेबल आकांक्षा दुबे शामिल रहीं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और किशोरी की बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *