![]()
करनाल जिले के घरौंडा ब्लॉक में सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने को लेकर वीरवार को एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने ब्लॉक के सरपंचों के साथ बैठक की। बैठक में स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, बेहतर पहुंच और विद्यार्थियों के लिए अच्छा शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। सरपंचों ने भी अपने गांवों के स्कूलों की समस्याएं रखीं। एसडीएम ने समाधान का भरोसा देते हुए सरपंचों को नियमित रूप से स्कूलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। सामाजिक सहभागिता से स्कूलों को बेहतर बनाने पर जोर वीरवार को एसडीएम राजेश कुमार सोनी की अध्यक्षता में सरपंचों की बैठक हुई। इसमें खंड शिक्षा अधिकारी वीना देवी, बीडीपीओ सोमबीर खटकड़, ब्लॉक समिति चेयरमैन प्रतिनिधि महेंद्र सिंह और समग्र शिक्षा अभियान (एसएसए) विंग के जेई निशांत राणा भी मौजूद रहे। बैठक में सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने और स्कूलों के ढांचागत विकास पर विस्तार से चर्चा हुई। विद्यार्थियों के लिए सुलभ शौचालय, स्वच्छ पेयजल और स्कूल के अंदर व बाहर सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया। स्कूल तक विद्यार्थियों की बेहतर पहुंच को लेकर भी चर्चा हुई। दुकानों पर नशे की बिक्री रोकने के निर्देश एसडीएम ने कहा कि स्कूलों के आसपास बनी दुकानों पर विद्यार्थियों को किसी भी तरह का नशीला पदार्थ नहीं बेचा जाना चाहिए। सरपंचों को निर्देश दिए गए कि वे अपने गांव के स्कूलों का समय-समय पर दौरा करें और व्यवस्थाओं की जांच करें। यदि कोई दुकानदार बच्चों को नशीले पदार्थ बेचता है तो पहले उसे समझाया जाए और बात नहीं मानने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। बैठक में मिड-डे मील की गुणवत्ता पर भी नजर रखने और विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बिल्डिंग और शौचालय से जुड़ी समस्याएं भी आईं बैठक के दौरान सरपंचों ने अपने-अपने गांवों के सरकारी स्कूलों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। कुछ पंचायतों ने स्कूल भवन के निर्माण से संबंधित समस्याएं बताईं, जबकि कुछ ने शौचालय निर्माण की जरूरत रखी। कई पंचायतों ने फंड की कमी का मुद्दा भी उठाया। एसडीएम ने कहा कि जिन पंचायतों के पास पर्याप्त फंड उपलब्ध हैं, वे अपने स्तर पर स्कूलों की व्यवस्थाओं में सुधार करें। जिन पंचायतों के पास फंड की कमी है, वहां बीडीपीओ, ब्लॉक समिति या अन्य स्रोतों से राशि जुटाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि स्कूलों की मूलभूत जरूरतें जल्द पूरी की जा सकें। एसडीएम बोले- सरपंचों को दिए गए हैं टास्क एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बैठक का उद्देश्य सामाजिक सहभागिता के माध्यम से सरकारी स्कूलों में सुधार करना है। सरपंचों से कहा गया है कि उनके गांव के स्कूल में किसी तरह की समस्या है तो उसका समाधान अपने स्तर पर करने का प्रयास करें। यदि समाधान संभव नहीं है तो प्रशासन को जानकारी दें। उन्होंने बताया कि सरपंचों को स्कूलों में जाकर व्यवस्थाएं देखने का टास्क दिया गया है। उन्हें यह भी जांचना होगा कि बच्चों को कोई परेशानी तो नहीं हो रही। स्कूलों से जुड़ी कुछ समस्याएं सामने आई हैं और उनके समाधान के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। सरपंचों ने कहा- पहली बार हुई ऐसी बैठक पुंडरी के सरपंच सूरज कुमार, अलीपुर खालसा के सरपंच विशाल शर्मा, हरिसिंहपुरा के सरपंच लक्ष्मण सिंह, कोहंड के सरपंच बाबूराम, बसताड़ा के सरपंच सुरेश फौजी, गढ़ी मुल्तान के सरपंच राजेश राणा, मुंडोगढ़ी के सरपंच जुनैद, लालुपुरा के सरपंच ओमबीर और अन्य सरपंचों ने बताया कि बैठक में स्कूलों से जुड़े मुद्दे रखे गए। पंचायतें भी करें प्रशासन का सहयोग सरपंचों ने कहा कि स्कूलों के सुधार को लेकर इस तरह की बैठक सराहनीय पहल है। पंचायतें भी प्रशासन के साथ सहयोग करेंगी, ताकि सरकारी स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की कमी न रहे और शिक्षा का स्तर बेहतर हो। सरपंचों ने कहा कि इस तरह की बैठक पहली बार हुई है और उन्हें इसमें शामिल होकर अच्छा लगा।
Source link
घरौंडा एसडीएम ने की सरपंचों संग मीटिंग:सरकारी स्कूलों में सुधार, बुनियादी सुविधाओं, पढ़ाई के माहौल पर चर्चा; नियमित निरीक्षण के निर्देश
