![]()
हिमाचल प्रदेश में कैबिनेट विस्तार और संभावित फेरबदल को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विधानसभा के मानसून सत्र से पहले कैबिनेट विस्तार, मंत्रियों के पोर्टफोलियो में बदलाव और एक मंत्री को ड्रॉप करने की खूब चर्चाएं हैं। इस बीच कांग्रेस नेताओं की दिल्ली दौड़ ने सियासी पारा बढ़ा दिया है। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के बाद स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल भी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात कर चुके हैं। दरअसल, सियासी गलियारों में शांडिल को कैबिनेट से ड्रॉप करने की चर्चाएं हैं। कहा जा रहा है कि उन्हें कैबिनेट से ड्रॉप करके उनके बेटे की बोर्ड-निगम में ताजपोशी की जा सकती है। इस बीच कांग्रेस ने 16 और 17 जुलाई को धर्मशाला में पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की मीटिंग बुलाई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की अध्यक्षता में होने वाली PAC में कैबिनेट विस्तार और फेरबदल को लेकर निर्णय लिया जाएगा। CM समेत बन सकते हैं 12 मंत्री, अभी एक पद खाली हिमाचल में सीएम समेत 12 मंत्री हो सकते हैं। राज्य में अभी 11 मंत्री हैं। एक पद खाली पड़ा है। इस पर कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर की ताजपोशी तय मानी जा रही है, क्योंकि कुल्लू जिले से सुक्खू कैबिनेट में एक भी मंत्री नहीं है। सीएम सुक्खू खुद भी कह चुके हैं कि सुंदर सिंह ठाकुर जल्द मंत्री बनेंगे। मगर राज्य में दो नए मंत्री बनने की चर्चाएं हैं। मंत्री ड्रॉप हुआ तो इनकी लग सकती है लॉटरी यह तभी संभव होगा, यदि किसी को ड्रॉप किया गया। किसी मंत्री के ड्रॉप होने पर तीन बड़े दावेदार माने जा रहे हैं। इनमें ज्वालाजी से संजय रत्न, पालमपुर से आशीष बुटेल और अर्की से संजय अवस्थी शामिल हैं। इन तीनों में से किसी एक को तभी मंत्री बनाया जाएगा, यदि कोई ड्रॉप हुआ। दूसरे नंबर के दावेदार रत्न को बुटेल की टक्कर सुंदर ठाकुर के बाद दूसरे नंबर का दावेदार तेज-तर्रार नेता एवं दो बार के विधायक संजय रत्न को माना जा रहा था। मगर नगर निगम चुनाव के बाद आशीष बुटेल की दावेदारी भी मजबूत हो गई है, क्योंकि राज्य में हाल ही में संपन्न चार नगर निगम चुनावों में कांग्रेस की हार हुई है, जबकि आशीष बुटेल के चुनाव क्षेत्र पालमपुर नगर निगम में कांग्रेस चुनाव जीती है। अवस्थी दावेदार, पर 5 मंत्री की बाधा सूत्रों के अनुसार, मुकेश अग्निहोत्री ने भी मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात के दौरान आशीष बुटेल को मंत्री बनाने की पैरवी की है। वहीं संजय अवस्थी को भी दावेदार माना जा रहा है, क्योंकि उन्हें सीएम सुक्खू के सबसे करीबी माना जाता है। मगर उनकी ताजपोशी में शिमला संसदीय क्षेत्र से पहले ही पांच मंत्री होना बाधा बन सकता है। मंत्री नहीं बने तो एक का डिप्टी स्पीकर बनना तय अगर कोई मंत्री ड्रॉप नहीं होता, तो संजय रत्न और आशीष बुटेल में से किसी एक को डिप्टी स्पीकर बनाया जा सकता है। मंत्री और डिप्टी स्पीकर की ताजपोशी विधानसभा के प्रस्तावित मानसून सत्र से पहले तय मानी जा रही है। विनय कुमार के हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद से डिप्टी स्पीकर का पद भी खाली पड़ा है।
Source link
हिमाचल कैबिनेट में फेरबदल से पहले मंत्रियों की दिल्ली दौड़:शांडिल को ड्रॉप करने की चर्चा, डिप्टी सीएम ने बुटेल का नाम आगे बढ़ाया
