![]()
लखीसराय के पिपरिया प्रखंड स्थित सैदपुरा पैक्स में चुनाव से ठीक पहले 2499 मतदाताओं के मतदान केंद्र बदले जाने पर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। सूर्यगढ़ा प्रखंड के बीडीओ पर बिना पर्याप्त सूचना और उचित प्रक्रिया का पालन किए यह बदलाव करने का आरोप लगा है। सैदपुरा पंचायत के मतदाताओं और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर मामले की जांच और तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सैदपुरा और रहाटपुर क्षेत्र के मतदाता वर्षों से अपने निर्धारित केंद्रों पर मतदान करते आ रहे हैं। वर्ष 2014 और 2021 के पैक्स चुनाव में भी इन्हीं केंद्रों का उपयोग किया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान पैक्स चुनाव से पहले संबंधित अभ्यर्थियों की राय लिए बिना अचानक मतदान केंद्रों में बदलाव कर दिया गया। सैदपुरा पंचायत का भौगोलिक क्षेत्र काफी विस्तृत है। पवई से रहाटपुर की दूरी लगभग 25 किलोमीटर है। ऐसे में दूर-दराज के मतदान केंद्रों पर जाने से बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य मतदाताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों की सबसे बड़ी चिंता रहाटपुर गांव के दियारा क्षेत्र में स्थित होने और वर्तमान में बाढ़ की स्थिति को लेकर है। उनका कहना है कि यदि मतदाताओं को बाढ़ के पानी के बीच नाव के सहारे मतदान केंद्र तक जाना पड़ा, तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी होगी। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि नाव की व्यवस्था कौन करेगा और नाव पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम तथा लाइफ जैकेट उपलब्ध कराए जाएंगे या नहीं। उन्होंने कहा कि जमीनी परिस्थितियों और मतदाताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखे बिना मतदान केंद्रों का स्थानांतरण किया गया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच, स्थानांतरण की समीक्षा और पूर्व निर्धारित सुविधाजनक मतदान केंद्रों पर मतदान की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
Source link
सैदपुरा पैक्स चुनाव में 2499 मतदाताओं के केंद्र बदले:ग्रामीणों में आक्रोश, बोले-'बाढ़ के बीच पहुंचना मुश्किल'
