भास्कर न्यूज | बलौदाबाजार बलौदाबाजार भरसेला (बड़ा) स्थित शासकीय हाई स्कूल में रक्षाबंधन पर्व पर विद्यार्थियों ने अनूठे अंदाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कक्षा 6वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए राखी निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साह के साथ आकर्षक राखियां तैयार कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के बाद छात्राओं ने छात्रों को राखी बांधी। छात्रों ने बहनों के सम्मान, सहयोग और सहायता का संकल्प लिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में पेड़-पौधों को राखी बांधकर उनकी सुरक्षा और देखभाल का संकल्प लिया। बच्चों ने कहा कि जिस तरह भाई-बहन एक-दूसरे की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी तरह पेड़-पौधे भी हमारे जीवन के लिए जरूरी हैं और उनकी रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, प्रेम, सम्मान, संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य फलेन वर्मा, संकुल समन्वयक अमित अवस्थी, शिक्षक भारती पाण्डेय आदि मौजूद थे।
Source link
