ग्रीनपार्क में 49रु का टिकट फिर भी खाली रहा स्टेडियम:UP T-20 लीग के पहले ही मैच में न के बराबर पहुंचे दर्शक; आयोजकों की बढ़ी चिंता




उत्तर प्रदेश टी-20 (UP T-20) लीग का चौथा सीजन लखनऊ के बाद अब कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम पहुंच चुका है। 28 अगस्त से 6 सितंबर तक चलने वाले इस ‘कानपुर लेग’ के लिए आयोजकों ने तैयारियाों में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। सोशल मीडिया से लेकर शहर भर में जमकर प्रमोशन किया गया, लेकिन शुक्रवार शाम 7:30 बजे जब काशी रुद्राक्ष और नोएडा सुपर किंग्स के बीच 23वां मुकाबला शुरू हुआ, तो स्टेडियम की खाली कुर्सियों ने आयोजकों की चिंता बढ़ा दी है। पूरे स्टेडियम में दर्शक न के बराबर दिखाई दिए और स्टैंड्स में सन्नाटा पसरा रहा। चौथे सीजन के शुरुआती 22 मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आयोजित किए गए थे, जिसके बाद अब आगे के मुकाबलों की मेजबानी कानपुर को मिली है। 49रु से 349रु तक का सस्ता टिकट, फिर भी नहीं आए दर्शक आयोजकों ने दर्शकों की भारी भीड़ जुटाने के लिए हर संभव प्रयास किया था। टिकटों के दाम बेहद किफायती रखे गए थे, ताकि आम शहरवासी भी आसानी से मैच देखने पहुंच सके। दर्शकों के लिए टिकट की शुरुआती कीमत महज 49रु रखी गई थी, जबकि अधिकतम टिकट 349रु तक का था। इसके बावजूद पहले मैच में उम्मीद के मुताबिक दर्शक नहीं पहुंचे। 20 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में सीटें खाली रहने से लीग प्रबंधन और यूपीसीए (UPCA) की चिंता बढ़ गई है। बारिश और रक्षाबंधन बने मैच का रंग फीका करने की वजह ग्रीनपार्क स्टेडियम को 11 दिनों में कुल 12 मैचों की मेजबानी करनी है। सभी जरूरी जांच और निरीक्षण के बाद स्टेडियम को पूरी तरह तैयार किया गया था, लेकिन पहले ही दिन दर्शकों की बेरुखी चर्चा का विषय बन गई। माना जा रहा है कि शुक्रवार को शहर में हुई बारिश और रक्षाबंधन के त्योहार की व्यस्तता के कारण लोग स्टेडियम तक नहीं पहुंच सके। आयोजकों को उम्मीद है कि आने वाले वीकेंड और छुट्टी के दिनों में दर्शकों की संख्या में इजाफा होगा। 150 देशों में हो रहा प्रसारण, रिंकू और भुवी जैसे स्टार्स दिखा रहे जलवा 14 अगस्त से शुरू हुआ UP T-20 लीग का यह चौथा सीजन 6 सितंबर 2026 तक चलेगा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) द्वारा आयोजित इस लीग का प्रसारण डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए दुनिया के करीब 150 देशों में किया जा रहा है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना इस लीग के ब्रांड एंबेसडर हैं। इस सीजन में कुल 6 फ्रेंचाइजी टीमें काशी रुद्राक्ष, मेरठ मावेरिक्स, कानपुर सुपरस्टार्स, नोएडा सुपर किंग्स, लखनऊ फाल्कन्स और गोरखपुर लायंस हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट में रिंकू सिंह, भुवनेश्वर कुमार, समीर रिजवी और मोहसिन खान जैसे अंतरराष्ट्रीय व घरेलू क्रिकेट के बड़े सितारे मैदान पर अपना जौहर दिखा रहे हैं। पूरे सीजन में कुल 34 मैच (30 लीग मैच और 4 प्लेऑफ) खेले जाने हैं। आयोजकों को उम्मीद है,कि शनिवार से कानपुर के खेल प्रेमी स्टेडियम पहुंचकर अपनी पसंदीदा टीमों का उत्साह जरूर बढ़ाएंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *