Headlines

कान्हा उपवन गौशाला में गोवंश की मौत पर हंगामा:बरेली में ग्रामीणों ने शवों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली गेट पर रोकी, जांच की मांग




बरेली के सीबीगंज स्थित नगर निगम की कान्हा उपवन गौशाला में गोवंश की लगातार हो रही मौतों का मामला शनिवार को गरमा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता गौशाला पहुंचे और व्यवस्थाओं पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने करीब दर्जनभर मृत गोवंशीय पशुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को गौशाला के मुख्य गेट पर रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गौशाला में गोवंश के रखरखाव और उपचार में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण आए दिन पशुओं की मौत हो रही है। राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष रोहित गंगवार ने गौशाला कर्मचारियों और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी वजह से बड़ी संख्या में गोवंशीय पशु मर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि सुबह कुछ मृत गोवंश को एक ट्रॉली में भरकर दफनाया गया। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग हंगामे की सूचना मिलते ही सीबीगंज थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान अपर नगर आयुक्त, सिटी मजिस्ट्रेट, नगर निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी, सीओ सिटी द्वितीय नितिन कुमार, सीबीगंज थाना प्रभारी विनोद सिंह और फतेहगंज पश्चिमी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद थे। प्रदर्शन में राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष रोहित गंगवार के अलावा अमित गंगवार, विजय मौर्य, चंद्रेश, हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष हिमांशु पटेल, निर्दोष राठौर, अरुण फौजी, तथा राष्ट्रीय गौ रक्षा संघ के वीरेंद्र और सोनू ठाकुर समेत कई गौ रक्षक शामिल थे। कार्यकर्ताओं ने गौशाला की व्यवस्थाओं की गहन जांच कराने और गोवंशीय पशुओं की मौत के कारणों का पता लगाकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *