![]()
फरीदाबाद में ट्रेन की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत हो गई। पहले हादसे में बल्लभगढ़ की विष्णु कॉलोनी निवासी प्रवेश की रक्षाबंधन के दिन ट्रेन से कटकर मौत हो गई, जबकि दूसरे दिन देर शाम न्यू टाउन रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर बैठे दो युवक ट्रेन की चपेट में आ गए और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बल्लभगढ़ क्षेत्र की विष्णु कॉलोनी निवासी प्रवेश रक्षाबंधन के दिन अपनी बहन से राखी बंधवाकर करीब तीन बजे घर लौटा था। उसके पिता कन्हैयालाल के अनुसार, घर पहुंचने के बाद प्रवेश ने रोटी बनाने के लिए कहा। उन्होंने उसके लिए रोटी बनाई और प्रवेश ने खाना भी खाया। इसके बाद शाम करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच वह घर से बाहर निकल गया। परिवार को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही घंटे बाद उनके घर में मातम पसरने वाला है। रेलवे ट्रैक पर पहुंचा युवक, चपेट में आने से मौत परिवार के घर से करीब 300-400 मीटर की दूरी पर रेलवे ट्रैक है। रात में प्रवेश किसी तरह रेलवे ट्रैक तक पहुंच गया और ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। अगले दिन पुलिस ने परिवार को सूचना दी कि एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है, जिसके हाथ पर ‘प्रवेश’ लिखा हुआ है। परिजन सिविल अस्पताल बीके की मोर्चरी पहुंचे और शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की। जीआरपी ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। प्रवेश के पिता कन्हैयालाल ने बताया कि उनके तीन बेटे थे और प्रवेश बीच का बेटा था। एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। प्रवेश निजी कंपनी में काम करता था और वह खुद भी मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि करीब सवा महीने पहले ही उनकी पत्नी का निधन हुआ था और अब बेटे की मौत ने परिवार को दोबारा गहरे सदमे में डाल दिया है। उन्होंने घटना को हादसा बताते हुए कहा कि इसमें किसी का हाथ नहीं है। बल्लभगढ़ जीआरपी चौकी के एएसआई नवल कुमार ने बताया कि सुभाष कॉलोनी के पास रेलवे ट्रैक पर युवक के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली थी। शव को सिविल अस्पताल बीके की मोर्चरी में रखवाया गया। पहचान और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने कोई शिकायत नहीं दी है। युवकों ने कानों में लगाया था ईयरफोन वहीं, शनिवार देर शाम न्यू टाउन रेलवे स्टेशन से करीब 150 मीटर पहले कृष्णा कॉलोनी के रहने वाले दो युवक भी ट्रेन की चपेट में आ गए। ओल्ड फरीदाबाद जीआरपी थाने की एएसआई सुदेश कुमारी के अनुसार, मृतकों की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष थी और उनकी पहचान कृष्णा व सौरव के रूप में हुई है। दोनों रेलवे ट्रैक पर बैठे हुए थे और कानों में ईयरफोन लगाकर गाने सुन रहे थे। इसी दौरान ट्रेन आ गई और ईयरफोन के कारण वे हॉर्न की आवाज नहीं सुन सके। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई। दोनों के पास से मोबाइल फोन भी मिले हैं और दोनों अविवाहित थे।
Source link
ट्रेन की चपेट में आने से 3 युवकों की मौत:फरीदाबाद में खाना खाकर टहलने के लिए निकला युवक, दो ट्रैक पर बैठकर सुन रहे थे गाने
