आरोपियों के घर की नपती करती पुलिस व निगम की टीम।
ग्वालियर के बहोड़ापुर में विश्व हिंदू परिषद के सह जिला मंत्री के भाई विवेक मीणा की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रविवार को पुलिस और नगर निगम की टीम आरोपियों के घर पहुंची और मकानों की नपाई की।
.
टीम ने फीता डालकर मकानों की लंबाई-चौड़ाई के साथ निर्माण की स्थिति का जायजा लिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा है कि प्रशासन आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
हत्या के बाद परिजनों और समर्थकों ने चक्काजाम किया था। इस दौरान आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई थी। इसके बाद पुलिस और नगर निगम की टीम ने आरोपियों के मकानों का भौतिक सत्यापन और नपाई शुरू की है।

फरार तीनों आरोपी।
मोमोस के पैसे को लेकर हुआ था विवाद
गुरुवार रात बहोड़ापुर क्षेत्र में 30 वर्षीय विवेक मीणा पुत्र दिनेश मीणा, निवासी बाबन पाएगा, नई सड़क की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया है कि विवेक ब्लैकिंग का काम करता था। वह पार्सल देने के बाद आनंद नगर चौराहे पर मोमोस के ठेले के पास खड़ा था।
इसी दौरान कुछ युवक मोमोस खाने के बाद पैसे नहीं दे रहे थे। इसे लेकर ठेले वाले और युवकों के बीच विवाद होने लगा।
विवेक ने ठेले वाले का पक्ष लेते हुए युवकों से कहा कि यदि मोमोस खाए हैं तो उनके पैसे देने होंगे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवकों ने विवेक की कनपटी में गोली मार दी और मौके से भाग गए। परिजन उसे तत्काल जेएएच के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

नपती करती निगम की टीम।
हरिहर नगर में राहुल के मकान की नपाई
रविवार को पुलिस और नगर निगम की टीम सबसे पहले हरिहर नगर में आरोपी राहुल यादव के घर पहुंची। यहां टीम ने मकान की लंबाई-चौड़ाई नापने के साथ निर्माण से जुड़ी जानकारी जुटाई। बताया गया है कि राहुल का मकान करीब 2 हजार वर्गफुट में बना है। उसका एक और मकान होने की जानकारी भी सामने आई है।
सेवा नगर में सौरभ के मकान पर पहुंची टीम
इसके बाद टीम सेवा नगर में आरोपी सौरभ यादव के मकान पर पहुंची। यहां भी मकान की नपाई की गई और निर्माण की स्थिति देखी गई। बताया गया है कि सौरभ का किले की तलहटी के नीचे भी एक मकान है। स्थानीय स्तर पर इस मकान के सरकारी जमीन पर बने होने की बात सामने आई है। अब टीम दोनों मकानों से जुड़े दस्तावेज और निर्माण की वैधता की जांच कर सकती है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
हत्या के मामले में लाला अग्रवाल, राहुल यादव और सौरभ यादव के नाम सामने आए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही उनके ठिकानों और संपत्तियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
मकानों की नपाई के बाद अब यह भी देखा जा रहा है कि निर्माण नियमों के मुताबिक है या नहीं। हालांकि बुलडोजर कार्रवाई को लेकर प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
ये खबर भी पढ़ें…
ग्वालियर में डिलीवरी बॉय को गोली मारने का VIDEO

ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर में डिलीवरी बॉय विवेक मीणा की हत्या का नया CCTV फुटेज सामने आया है। 51 सेकेंड के फुटेज में बाइक सवार तीन बदमाश मोमोज ठेले वाले से बहस करते और बीच-बचाव करने आए विवेक को गोली मारते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में तीनों बदमाश बाइक से ठेले के पास पहुंचते हैं और काफी देर तक मोमोज वाले से विवाद करते हैं। इसी दौरान विवेक बीच-बचाव करने पहुंचता है।पूरी खबर पढ़ें
