पश्चिम चंपारण के चारागाहा मिश्र टोला वार्ड संख्या-4 में छठियार समारोह में खेलते समय खौलते पानी में गिरकर गंभीर रूप से झुलसी 5 वर्षीय बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई।
.
मृतका की पहचान हरेन्द्र पासवान की पांच वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। बच्ची ने शनिवार शाम करीब सात बजे जीएमसीएच बेतिया में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
देखें, मौके से आई तस्वीरें…

बच्ची की मौत के बाद परिजनों का हंगामा।

अस्पताल में परिजनों का हंगामा।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद लोग।
सिलसिलेवार पढ़ें, पूरा मामला…
प्रीति अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी
परिजनों के अनुसार, शनिवार को प्रीति के चाचा के पुत्र के जन्म के बाद घर में छठियार समारोह का आयोजन किया गया था। समारोह के दौरान प्रीति अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी बीच वह अचानक खौलते पानी में गिर गई। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई।
परिजन इलाज के लिए GMCH बेतिया पहुंचे
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया। हालांकि, बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में इलाज में लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है।
डॉक्टरों की नियमित निगरानी नहीं मिली
परिजनों का कहना है कि बच्ची की हालत गंभीर होने के बावजूद चिकित्सकों की नियमित निगरानी नहीं मिली और इलाज अधिकतर नर्सिंग स्टाफ के भरोसे चलता रहा। उन्होंने ऑक्सीजन उपलब्ध कराने और उसे लगाने की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
वार्ड बदलने में समय बर्बाद हुआ
परिजनों ने आरोप लगाया कि गंभीर हालत के बावजूद बच्ची को बार-बार एक वार्ड से दूसरे वार्ड में ले जाने के लिए कहा गया, जिससे इलाज में बहुमूल्य समय बर्बाद हुआ। उनका कहना है कि यदि समय पर समुचित उपचार और चिकित्सकीय निगरानी मिलती, तो प्रीति की जान बचाई जा सकती थी।

अस्पताल में मौजूद परिजन।
आक्रोशित परिजनों का परिसर में हंगामा
शनिवार शाम बच्ची की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
खबर लिखे जाने तक जीएमसीएच बेतिया प्रशासन की ओर से बच्ची की मौत और परिजनों द्वारा लगाए गए इलाज में लापरवाही के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी थी। पुलिस और अस्पताल प्रशासन मामले की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
