![]()
चंडीगढ़ के मखनमाजरा गौशाला में ड्यूटी के दौरान मसाज करवाने और टेबल पर आराम करने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। नगर निगम आयुक्त अमित कुमार के निर्देश पर एक नियमित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं, आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से तैनात दो कर्मचारियों की सेवाएं भी तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के आदेश जारी किए गए हैं। नगर निगम के अनुसार, 9 जुलाई को सोशल मीडिया और कुछ स्थानीय डिजिटल न्यूज पोर्टलों पर मखनमाजरा गौशाला की कुछ तस्वीरें वायरल हुई थीं। इनमें ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों के अनुचित व्यवहार का दावा किया गया था। नगर निगम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे सरकारी कर्मचारियों के आचरण नियमों के खिलाफ और विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला माना। इसके बाद नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए। नगर निगम की छवि को नुकसान पहुंचा कमिश्नर के आदेश पर नियमित कर्मचारी सुच्चा सिंह, सैनिटरी जमादार, को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि ड्यूटी के दौरान उनका आचरण सरकारी कर्मचारी के अनुरूप नहीं था, जिससे नगर निगम की छवि को नुकसान पहुंचा। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही, सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना वह मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। दो आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं खत्म मेडिकल ऑफिसर ऑफ हेल्थ (एमओएच) ने दो अलग-अलग आउटसोर्सिंग एजेंसियों को पत्र जारी कर उनके कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल समाप्त करने के निर्देश दिए हैं। पहले आदेश में ईशु सिंगला, सैनिटरी इंस्पेक्टर, पर ड्यूटी के दौरान सफाई कर्मचारियों से कथित तौर पर मसाज कराने का आरोप लगाया गया है। इसके बाद संबंधित एजेंसी को उनकी सेवाएं तुरंत समाप्त करने के लिए कहा गया। दूसरे आदेश में गौरव, एमटीडब्ल्यू (MTW) पर सैनिटरी इंस्पेक्टर की मसाज करने का आरोप है। इस मामले में भी संबंधित एजेंसी को उनकी सेवाएं तत्काल समाप्त करने का निर्देश दिया गया। इन तस्वीरों पर क्यों हो रहा विवाद, पूरा मामला जानिए
Source link
चंडीगढ़ कमिश्नर का एक्शन, एक कर्मचारी सस्पेंड:दो टर्मिनेट; गौशाला में मालिश कराते और टेबल पर आराम करते दिखे, निगम की छवि को पहुंचा नुकसान
