Headlines

लातेहार में 15 दिन में पांचवीं चोरी:सोना-चांदी कारोबारी के बंद घर से 7 लाख के जेवरात ले उड़े चोर, रक्षाबंधन में गए थे बाहर




लातेहार सदर थाना क्षेत्र के चन्दनडीह मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपए के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए। घटना सोना-चांदी कारोबारी मनोज कुमार वर्मा के घर हुई। चोरी गए सामान की कीमत करीब छह से सात लाख रुपए बतायी जा रही है। मनोज कुमार वर्मा रक्षाबंधन के अवसर पर 27 अगस्त को घर से बाहर गये थे। 30 अगस्त को वापस लौटे तो घर का अंदरूनी दरवाजा टूटा हुआ मिला। कमरे में रखी उनकी पत्नी की अलमारी का ताला और दरवाजा भी क्षतिग्रस्त था। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने अलमारी की जांच की तो उसमें रखे करीब छह से सात लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान गायब मिले। चोरी की जानकारी तत्काल सदर थाना पुलिस को दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। घनी आबादी के बीच वारदात, चोरों की तलाश में जुटी पुलिस चोरी की घटना ऐसे इलाके में हुई है, जहां काफी घनी आबादी है। इसके बावजूद चोर घर का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए और अलमारी को क्षतिग्रस्त कर कीमती सामान लेकर फरार हो गये। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों में भी चिंता बढ़ गयी है। सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान ने बताया कि घर में चोरी की सूचना मिली है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने जल्द ही चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया है। पुलिस घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात के दौरान चोरों ने किस रास्ते से घर में प्रवेश किया और चोरी के बाद किस दिशा में फरार हुए। इधर, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। 15 दिन में चोरी की पांचवीं घटना अगस्त के पिछले 15 दिनों में लातेहार में चोरी की यह पांचवीं घटना है। लगातार वारदातों के बावजूद अब तक पुलिस किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर पायी है। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। इससे पहले 17 अगस्त को मोंगर गांव में सुबास सिंह के घर में घुसकर चोरों ने बक्से से करीब 20 हजार रुपये नकद और आभूषण चोरी किये थे। इस दौरान परिवार के सदस्यों को कमरों में बाहर से बंद कर दिया गया था। 20 अगस्त को हुंडरु गांव में नीरज कुमार की किराना दुकान में सेंधमारी कर 35 हजार रुपये नकद और दुकान का सामान चोरी किया गया। इसके अगले दिन 21 अगस्त को बारियातू जागीर में संजय साव के घर से करीब चार से पांच लाख रुपये के सोना-चांदी के जेवर और नकदी चोरी हुई। इस घटना में भी चोरों ने आसपास के कुछ घरों की सिटकनी बाहर से बंद कर दी थी। 23 अगस्त को डुड़ंगीकला में भी बंद घर का ताला तोड़ा चोरी की घटनाओं का सिलसिला यहीं नहीं रुका। 23 अगस्त को डुड़ंगीकला में भी चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर नकदी और लाखों रुपये के जेवर चोरी कर लिये थे। अब चन्दनडीह में सोना-चांदी कारोबारी के घर से छह से सात लाख रुपये के सामान की चोरी ने पुलिस के सामने चुनौती और बढ़ा दी है। लगातार हो रही वारदातों के कारण लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पहले की घटनाओं में शामिल चोरों तक पुलिस पहुंचती, तो संभव है कि ऐसी वारदातों पर अंकुश लगता। फिलहाल सदर थाना पुलिस ताजा मामले की जांच के साथ पूर्व की चोरी की घटनाओं के संबंध में भी सुराग जुटाने में लगी है। पुलिस का दावा है कि चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जायेगा, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं के बीच लोगों की नजर अब पुलिस की कार्रवाई और मामलों के खुलासे पर है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *