![]()
नीट-यूजी और अन्य परीक्षाओं में धांधली के विरोध में छात्रों दिल्ली से लेकर झारखंड तक छात्रों के आंदोलन का मामला अब तक गर्म है। इस बीच, बिलासपुर में नीट पीजी की रविवार को आयोजित ऑनलाइन कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा के दौरान गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रज्ञा मंडपम् केंद्र में तकनीकी खराबी सामने आ गई। यहां करीब एक घंटे तक परीक्षा बाधित रही। केंद्र पर सुबह 9 बजे परीक्षा शुरू होने के महज 15 मिनट बाद दूसरी मंजिल के एक कक्ष में अभ्यर्थियों के कंप्यूटर एक-एक कर बंद होने लगे। देखते ही देखते सभी 40 सिस्टम ठप हो गए। इससे केंद्र में हंगामा और अफरा-तफरी मच गई। स्थिति संभालने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। अभ्यर्थियों ने दैनिक भास्कर को बताया कि सुरक्षित ऑनलाइन परीक्षा में कंप्यूटर पर केवल एग्जाम सॉफ्टवेयर ही खुलना चाहिए। सर्वर एरर के बाद सिस्टम रिस्टार्ट किए गए तो कुछ कंप्यूटरों पर गूगल विंडो खुलने लगी। इससे उन्होंने परीक्षा की शुचिता पर सवाल उठाते हुए सर्वर हैकिंग और गड़बड़ी की आशंका जताई। अभ्यर्थियों का कहना है कि जयपुर में भी तकनीकी दिक्कत आने पर कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी। अब उनकी परीक्षा 5 सितंबर को होगी। अधिकारी कहते रहे- 5 मिनट में ठीक होगा : एनबीई ने बिलासपुर में चार परीक्षा केंद्र बनाए थे। इनमें सबसे बड़ा केंद्र प्रज्ञा मंडपम् था। यहां 915 अभ्यर्थियों में से 899 परीक्षा में शामिल हुए। दूसरी मंजिल पर बैठे करीब 40 अभ्यर्थी 3 से 4 सवाल ही हल कर पाए थे। 1000 कंप्यूटर की क्षमता, छह महीने में व्यवस्था फेल गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में 1000 कंप्यूटर की क्षमता वाले इस परीक्षा केंद्र का उद्घाटन इसी साल 27 फरवरी को हुआ था। उद्घाटन आरएसएस के संयुक्त सह-सरकार्यवाह मुकुंद सीआर और आईआईएम नागपुर के निदेशक डॉ. भीमराया मैत्री ने किया था। दावा किया गया था कि यहां एनटीए और एसएससी जैसी राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन परीक्षाएं सफलतापूर्वक कराई जा सकेंगी।
Source link
अब नीट पीजी में व्यवस्था फेल…:40 कंप्यूटर ठप; रिस्टार्ट में एग्जाम सॉफ्टवेयर की बजाय सिस्टम पर खुलने लगी गूगल विंडो
