Headlines

राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रयागराज में हुई बास्केटबॉल प्रतियोगिता:जॉर्डन अकादमी और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स ने जीते अंडर-18 खिताब




प्रयागराज में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय अंडर-18 बास्केटबॉल प्रतियोगिता का समापन हो गया। “खेलो भारत, जीतो भारत” थीम के तहत अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुए इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में बालिका वर्ग का खिताब जॉर्डन अकादमी ने जीता, जबकि बालक वर्ग में मेजबान अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की टीम विजयी रही। खेल निदेशालय के निर्देश पर 29 से 31 अगस्त 2026 तक चले इस आयोजन के अंतिम दिन बास्केटबॉल के मुकाबले मुख्य आकर्षण रहे। प्रतियोगिता में कुल 96 जूनियर बालक और बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर गणेश केसरवानी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान सभी अतिथियों ने मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबलों ने दर्शकों में रोमांच भर दिया। बालिका वर्ग का फाइनल संस्कार इंटरनेशनल अकादमी और जॉर्डन अकादमी के बीच खेला गया। यह मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें जॉर्डन अकादमी ने 15-14 के करीबी अंतर से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। वहीं, बालक वर्ग के खिताबी मुकाबले में अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, म्योहाल, प्रयागराज और मैरी लूकस स्कूल की टीमें आमने-सामने थीं। इस मैच में अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और 42-30 के बड़े अंतर से जीत हासिल की। इन सभी मुकाबलों में श्री अमर सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि महापौर गणेश केसरवानी ने विजेता टीमों और खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर क्रीड़ा अधिकारी शिव कुमार यादव ने मुख्य अतिथि को बुक भेंट की, मनीष गुप्ता ने बैज लगाया और अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी आरएस बेदी ने शॉल पहनाकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में पार्षद बबलू सिंह, अर्चना अब्दुल सैनी और मुकेश लारा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *