![]()
पंजाब की सियासत में 1984 सिख कत्लेआम का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। 1984 दंगों के दोषी सज्जन कुमार के अंतिम संस्कार में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के तीन सांसदों के शामिल होने पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने कड़ा ऐतराज जताया है। सिख समुदाय की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाने वाले इस कृत्य के विरोध में आज (मंगलवार) लुधियाना में AAP की ओर से भाजपा के खिलाफ एक विशाल रोष प्रदर्शन किया जा रहा है। आम आदमी पार्टी के तमाम बड़े नेता आज भाजपा दफ्तर के बाहर हल्ला बोलेंगे। आखिर क्यों हो रहा है यह विरोध बीते दिनों 1984 के सिख कत्लेआम के सजायाफ्ता और मुख्य दोषियों में से एक सज्जन कुमार का निधन हो गया था। विवाद तब खड़ा हुआ जब दिल्ली से भाजपा के तीन मौजूदा सांसदों—रामवीर बिधूड़ी, योगेंद्र चंदोलिया और कमलजीत सहरावत ने न सिर्फ सज्जन कुमार के अंतिम संस्कार में शिरकत की बल्कि उन्हें सार्वजनिक तौर पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की। इस घटना के बाद से ही पंजाब भर में सिख संगठनों और राजनीतिक दलों में भारी रोष है। सिख भाईचारे के जख्मों पर नमक छिड़क रही है भाजपा आम आदमी पार्टी के नेताओं का स्पष्ट कहना है कि 1984 का सिख कत्लेआम पंजाबियों और सिख समुदाय के लिए कभी न भरने वाला एक गहरा जख्म है। अदालत द्वारा दोषी ठहराए गए व्यक्ति को भाजपा के सांसदों द्वारा इस तरह सम्मान देना सीधे तौर पर सिख भाईचारे के जख्मों पर नमक छिड़कने के बराबर है। AAP नेताओं का आरोप है कि भाजपा का यह कदम उनका असली सिख विरोधी चेहरा उजागर करता है। पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर आम आदमी पार्टी के इस रोष प्रदर्शन को देखते हुए लुधियाना पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। चूंकि धरने में विधायकों और पार्षदों सहित पूरी स्थानीय लीडरशिप शामिल हो रही है इसलिए दाना मंडी स्थित भाजपा दफ्तर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किए जाने की संभावना है। प्रदर्शन के चलते आसपास के इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।
Source link
लुधियाना में आज AAP का धरना:भाजपा दफ्तर का होगा घेराव,1984 सिख कत्लेआम के दोषी सज्जन कुमार को भाजपा सांसदों द्वारा श्रद्धांजलि देने पर भड़के कार्यकर्ता
