पीतीज कलाली चौक स्थित वाइन शॉप के सामने मुख्य सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। हल्की बारिश में भी सड़क पर घुटने भर पानी जमा हो जा रहा है, जिससे लोगों का चलना-फिरना दूभर हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे नाली जाम होने और पानी निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने से यह समस्या उत्पन्न हुई है। पानी निकासी नहीं होने से सारा पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है। इससे दोपहिया वाहन चालक फिसल कर गिर रहे हैं, कई वाहनों का इंजन पानी में बंद हो जा रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं और पैदल यात्रियों को हो रही है। बच्चे स्कूल ड्रेस खराब होने के डर से पानी से बचते हुए किनारे-किनारे जाने को मजबूर हैं। बुजुर्गों और महिलाओं को भी आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है। वहीं सड़क किनारे स्थित दुकानों में पानी घुस जाने से दुकानदारों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। जलजमाव को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा गया। लोगों ने कई बार इसकी शिकायत स्थानीय प्रशासन से की थी। लोगों की शिकायत पर सोमवार को सीओ सविता सिंह खुद जलजमाव वाले स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने जेसीबी मंगवाकर जल निकासी का कार्य करवाया और पानी को बाहर निकलवाया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने प्रशासन के सामने नाराजगी जाहिर की और जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की। लोगों ने नाली निर्माण और सड़क को ऊंचा करने की मांग की है। अंचलाधिकारी ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही स्थायी जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी।
Source link
पीतीज कलाली चौक की सड़क तालाब में तब्दील, आवागमन में परेशानी
