![]()
धार जिले की नगर परिषद मांडव और नगर पालिका धरमपुरी के सफाई कर्मचारियों को कई महीनों से वेतन नहीं मिलने का मामला मंगलवार को जनसुनवाई में उठा। वाल्मीकि सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर संतोष कल्याणे के नेतृत्व में टीम ने जिला पंचायत सभाकक्ष में कलेक्टर को आवेदन देकर रुके वेतन का जल्द भुगतान कराने की मांग की। संगठन के मुताबिक, मांडव के कर्मचारियों को करीब 6 महीने और धरमपुरी के कर्मचारियों को करीब 10 महीने से वेतन नहीं मिला है। संगठन ने आवेदन में बताया कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिवार का खर्च चलाने, बच्चों की पढ़ाई, दवाइयां, बिजली बिल और राशन जैसी जरूरी जरूरतों को पूरा करने में दिक्कत आ रही है। वाल्मीकि सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कल्याणे ने कहा कि सफाई कर्मचारी लगातार अपना काम कर रहे हैं, लेकिन महीनों तक वेतन नहीं मिलना गंभीर समस्या है। उन्होंने कलेक्टर से रुका हुआ वेतन जल्द दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने जांच और भुगतान का आश्वासन दिया कलेक्टर ने टीम को मामले की जल्द जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद कर्मचारियों को वेतन दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी संतोष कल्याणे ने कहा कि जांच और आश्वासन के बाद भी यदि कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला तो संगठन इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने प्रशासन से कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जल्द भुगतान कराने की मांग की।
Source link
सफाईकर्मियों को 10 माह से वेतन नहीं, जनसुनवाई में पहुंचे:कहा- परिवार चलाने में दिक्कत हो रही, कलेक्टर ने भरोसा दिया; आंदोलन की चेतावनी
