Headlines

सेमरिया में कमरभर पानी में शव ले जाने का वीडियो:दैनिक भास्कर की खबर का असर, कलेक्टर ने 12.05 लाख के दो काम मंजूर किए




दैनिक भास्कर डिजिटल में छपी खबर का असर दुर्ग जिले के धमधा ब्लॉक के सेमरिया गांव में हुआ है। गांव में सड़क और पुलिया की खराब हालत से ग्रामीणों को हो रही परेशानी अब खत्म होने की उम्मीद है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने जिला पंचायत के सीईओ को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सेमरिया में 12.05 लाख रुपए के दो निर्माण कार्यों को मंजूरी मिल गई है। यह मामला तब सामने आया था जब ग्रामीणों को कमरभर पानी में शव ले जाना पड़ा था। दरअसल, सेमरिया में बारिश के दौरान आवागमन की समस्या का एक वीडियो सामने आया था। इसमें ग्रामीण एक शव को कमर तक पानी में उतरकर नदी-नाले जैसे रास्ते से ले जाते दिखे थे। यह वीडियो वायरल होने के बाद गांव की खराब सड़क और पुलिया की समस्या उजागर हुई। दैनिक भास्कर की टीम सबसे पहले ग्रामीणों के पास पहुंची। टीम ने मौके की स्थिति जानी और ग्रामीणों से बात की। ग्रामीणों ने बताया था कि बारिश में रास्ता बहुत खराब हो जाता है। इस कारण जरूरी काम के लिए भी आना-जाना मुश्किल हो जाता है। दैनिक भास्कर की खबर के जरिए यह समस्या जिला प्रशासन तक पहुंची। खबर का संज्ञान लेने के बाद कलेक्टर ने जिला पंचायत के सीईओ को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एक तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया। जनपद पंचायत धमधा के जरिए जरूरी निर्माण कार्यों का एस्टीमेट तैयार कर जिला पंचायत को भेजा गया। एस्टीमेट की जांच और तय प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सेमरिया में दो निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली। इनमें 8.48 लाख रुपए की लागत से पुल-पुलिया बनाना और 3.57 लाख रुपए की लागत से मिट्टी-मुरूम सड़क बनाना शामिल है। सीईओ ने बताया कि यह काम 2 से 3 महीने में पूरा हो जाएगा। दुर्ग जिला पंचायत के सीईओ बजरंग दुबे ने बताया कि मीडिया के माध्यम से सेमरिया की समस्या संज्ञान में आने के बाद कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद तकनीकी टीम भेजकर जनपद पंचायत के माध्यम से प्राक्कलन मंगाया गया।

उन्होंने बताया कि जी-राम-जी योजना के तहत अनुमेय कार्य की श्रेणी में आने के कारण दोनों निर्माण कार्यों को तत्काल स्वीकृति दिलाई गई है। करीब 12.05 लाख रुपए की स्वीकृति हुई है। इसमें पुलिया के लिए करीब 8.48 लाख और मिट्टी-मुरूम सड़क के लिए 3.57 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों कार्यों को आगामी 2 से 3 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है।

स्थल निरीक्षण के बाद काम शुरू कराने की प्रक्रिया

प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद तकनीकी सहायक, सरपंच दामनी साहू, रोजगार सहायक और पंचायत सचिव की मौजूदगी में स्थल निरीक्षण किया गया। निर्माण से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए कार्य प्रारंभ कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों में खुशी, अब काम पूरा होने का इंतजार

पुलिया और सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद ग्रामीणों में खुशी है। ग्रामीण राम अवतार यादव और तनु सोरी का कहना है कि निर्माण पूरा होने से बारिश के दौरान आवागमन की परेशानी कम होगी। जल निकासी और सड़क संपर्क बेहतर होने से गांव के लोगों को राहत मिलेगी।

दैनिक भास्कर का जताया आभार

ग्रामीण रामावतार यादव सहित अन्य ग्रामीण ने ग्रामीणों की समस्याओं को जिला प्रशासन तक पहुंचाने के लिए दैनिक भास्कर का आभार जताया है।

क्या था पूरा मामला

दुर्ग जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर और भिलाई इस्पात संयंत्र से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित सेमरिया गांव की बदहाल सड़क का मामला कल सामने आया था। धमधा जनपद पंचायत के अंतर्गत बागडूमर ग्राम पंचायत के आश्रित गांव सेमरिया की आबादी करीब 500 है। ग्रामीणों के अनुसार बागडूमर से गांव तक पहुंचने वाला करीब 4 किलोमीटर का रास्ता बारिश में कीचड़ और पानी से भरे गड्ढों में तब्दील हो जाता है।

वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए दैनिक भास्कर की टीम सेमरिया पहुंची थी। ग्रामीण टीम को श्मशान घाट तक लेकर गए। उन्होंने बताया कि गांव से श्मशान घाट तक करीब डेढ़ किलोमीटर रास्ता बेहद खराब है। बारिश में श्मशान घाट के पास नाला भी लबालब हो जाता है और उसे पार करने के लिए कमर तक पानी में उतरना पड़ता है।

ग्रामीण तन्नू सोरी ने बताया था कि बरसात के दिनों में वे यही सोचते हैं कि गांव में किसी की मौत न हो, क्योंकि शव को श्मशान घाट तक पहुंचाना बेहद मुश्किल हो जाता है। हाल ही में एक शव को ले जाने के दौरान करीब 30 से 40 लोगों को कंधा लगाना पड़ा था। कई लोग कीचड़ में फिसलकर गिर गए थे।

वीडियो बनाने वाले रामअवतार यादव ने भी गांव की सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताई थी। ग्रामीणों ने बताया था कि सड़क की समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों से कई बार मांग की गई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *