![]()
चूरू जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतननगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 44 किलो 300 ग्राम अवैध डोडा पोस्त छिलका बरामद किया। इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद डोडा पोस्त छिलके की बाजार कीमत लगभग 6 लाख 64 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पंजाब के गुरदासपुर जिले के कलानौर थाना क्षेत्र स्थित मंज निवासी कुलदीप सिंह (37) और जम्मू-कश्मीर के साम्बा जिले के रामनगर निवासी सन्नी कुमार (20) के रूप में हुई है। रतननगर थानाधिकारी सुभाषचंद्र ने बताया कि पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में रतननगर थाना क्षेत्र में एनएच-52 पर बेलमाउंट स्कूल के पास नाकाबंदी की गई। टीम ने एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली, जिसमें यह मादक पदार्थ मिला। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि डोडा पोस्त की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। मामले की अग्रिम जांच सदर थानाधिकारी इंद्रलाल महर्षि को सौंपी गई है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी सुभाषचंद्र के साथ कॉन्स्टेबल जयप्रकाश, सूरजभान, मोनू और देवीलाल शामिल थे।
Source link
चूरू में ट्रक से 44 किलो डोडा पोस्त जब्त:पंजाब-जम्मू-कश्मीर निवासी दो तस्कर गिरफ्तार, बाजार कीमत 6.64 लाख रुपए
