![]()
दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में एंटी रेबीज वैक्सीन खत्म हो गया है। अब कुत्ते और गीदड़ के काटने के बाद इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण कई मरीजों को बिना डोज लिए ही वापस लौटना पड़ा। वहीं, कुछ मरीजों को बाहर से वैक्सीन खरीदकर लाने की सलाह दी गई। इससे मरीजों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। डीएमसीएच में एक एंटी रेबीज वैक्सीन मुफ्त में जबकि करीब 2 हजार का मिलता है। केवटी प्रखंड के माधोपट्टी गांव से पहुंचे 45 वर्षीय मो शकील अहमद ने बताया कि करीब एक महीने पहले उन्हें गीदड़ ने काट लिया था। इसके बाद उन्हें एंटी रेबीज वैक्सीन की दो डोज दी जा चुकी है। मंगलवार को तीसरी डोज लेने के लिए करीब एक बजे डीएमसीएच पहुंचे थे। एंटी रेबीज विभाग में मौजूद कर्मियों ने वैक्सीन समाप्त होने की जानकारी दी। इसके बाद उन्हें बिना डोज लिए ही वापस लौटना पड़ा। इसी तरह सदर प्रखंड के सोनकी परी गांव से पहुंचे अरविंद कुमार ने बताया कि वह एंटी रेबीज वैक्सीन की तीसरी डोज लेने डीएमसीएच आए थे। अस्पताल में वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है। मंगलवार को डोज लेने पहुंची छात्रा, कमी बताकर लौटाया मधुबनी के भेजा थाना क्षेत्र के खड़िक गांव की सोनम सिंह भी मंगलवार को एंटी रेबीज की डोज लेने डीएमसीएच पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वह दिल्ली मोड़ में रहकर पढ़ाई करती हैं। कोचिंग से घर लौटने के दौरान रास्ते में कुत्ते ने उन्हें काट लिया था। मंगलवार को निर्धारित डोज लेने के लिए डीएमसीएच पहुंचीं, लेकिन वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि डीएमसीएच में एंटी रेबीज सीरम करीब 10 से 11 दिनों से उपलब्ध नहीं है। इसके कारण रोजाना वैक्सीन लेने पहुंचने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को करीब आठ मरीजों को उपलब्ध वैक्सीन की डोज दी गई, जबकि करीब 22 मरीजों को बाहर से वैक्सीन खरीदकर लाने के लिए कहा गया। मरीजों का कहना है कि एंटी रेबीज वैक्सीन का पूरा कोर्स समय पर लेना जरूरी होता है। ऐसे में अस्पताल में वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने से निर्धारित समय पर डोज लेने में परेशानी हो रही है। बाहर से वैक्सीन खरीदने पर अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है। मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन से जल्द से जल्द एंटी रेबीज वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की है।
Source link
दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में एंटी रैबीज वैक्सीन खत्म:22 मरीजों को बाहर से खरीदकर लाने को कहा, मरीज बोले- 2000 की पड़ रही एक डोज
