Headlines

बुलंदशहर में दूसरे जिलों से आए स्वाइन फ्लू के मरीज:स्वास्थ्य विभाग ने बचाव की तैयारियां कीं पूरी




बुलंदशहर में दूसरे जिलों से स्वाइन फ्लू के मामले लगातार आ रहे हैं। लखनऊ से पोर्टल पर पांच और मरीजों की जानकारी अपडेट की गई है। इसके साथ ही बुलंदशहर के कुल 15 निवासियों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि, इन सभी मरीजों के ठीक होने की खबर मिली है। प्रदेशभर में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ रहे हैं। संक्रमित मरीजों को उनके मूल निवास स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा है। जिले के कई लोग दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और आगरा जैसे शहरों में नौकरी करते हैं। शासन ने तीन दिन पहले बुलंदशहर के 10 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि की थी। ये सभी गौतमबुद्धनगर, दिल्ली और गाजियाबाद में संक्रमित हुए थे। नए अपडेट में अनूपशहर के दो, बुलंदशहर और अगौता का एक-एक मरीज नोएडा में संक्रमित पाया गया। गुलावठी की एक महिला में आगरा में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। विभाग ने संपर्क करने पर बताया कि सभी मरीज ठीक हो चुके हैं।

सीएमओ सभागार में सभी मेडिकल अधिकारियों को स्वाइन फ्लू से बचाव की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारी रमित कुमार ने बताया कि जिले में बचाव के लिए लगभग सभी तैयारियां हो चुकी हैं। मेडिकल प्रभारियों को मरीजों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। फ्लू वार्ड और ओपीडी अलग बनाने के लिए भी कहा गया है। मरीजों के इलाज और जांच के लिए जरूरी सामान मंगवाया जा रहा है। लोगों से अपील की गई है कि वे इस स्थिति से घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क रहें। भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। तेज बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी होने पर सरकारी अस्पताल में जांच करवाएं। सीएमओ डॉ. सुनील कुमार दोहरे का कहना है कि दूसरे जिलों से स्वाइन फ्लू के 15 मामले अब तक शिफ्ट होकर आए हैं। ये सभी ठीक हो चुके हैं। मामले सामने आने पर सभी की समय-समय पर निगरानी की जाएगी। साथ ही सभी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू को लेकर इंतजाम किए जा चुके हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *