![]()
बहराइच के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज में ग्रामीणों को डरा रहे तेंदुए को वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया है। महबूबनगर गांव के पास लगाए गए पिंजरे में बुधवार भोर में तेंदुआ फंस गया। तेंदुए के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत महसूस की है। बताया जा रहा है कि इस इलाके में पिछले कई दिनों से तेंदुए की हलचल देखी जा रही थी। मंगलवार को इसी तेंदुए के हमले में राम सिंह नाम के एक युवक की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद ग्रामीणों में गुस्सा और डर बढ़ गया था। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने तुरंत इलाके में निगरानी बढ़ा दी थी। तेंदुए को पकड़ने के लिए महबूबनगर में एक पिंजरा भी लगाया गया था। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने पिंजरे में तेंदुए के फंसे होने की जानकारी वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को पिंजरे समेत सुरक्षित तरीके से ककरहा रेंज कार्यालय ले आई। प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित ने बताया कि बुधवार सुबह एक तेंदुआ पिंजरे में कैद हुआ है। डॉक्टरों की टीम तेंदुए की स्वास्थ्य जांच करेगी। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश और नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि स्वस्थ पाए जाने पर तेंदुए को किसी सही प्राकृतिक जगह पर छोड़ा जाएगा। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद वन विभाग ने भी राहत की सांस ली है। हालांकि, ग्रामीणों से जंगल या वन क्षेत्र के आसपास अकेले न जाने और सावधान रहने की अपील की गई है।
Source link
कतर्नियाघाट में आदमखोर तेंदुआ पिंजरे में कैद:युवक की मौत के बाद वन विभाग ने लगाया पिंजरा, महबूबनगर गांव में भोर में फंसा
