![]()
राजधानी भोपाल में खुद को ट्रेनी IAS और मध्य प्रदेश पर्यटन (MPT) में एडिशनल डायरेक्टर बताकर लोगों से ठगी करने वाली तृप्ति सिंह की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अब बागसेवनिया पुलिस ने उसके खिलाफ दूसरी जबकि अशोक नगर के बाद चौथी FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि तृप्ति ने अपने भाई सुधांशु सिंह और साथी प्रखर के साथ मिलकर एक व्यक्ति को MPT में होटल लीज पर दिलाने का झांसा दिया और उससे करीब 50 लाख रुपए हड़प लिए। मामले की जांच के लिए पुलिस अब तृप्ति को प्रोडक्शन रिमांड पर लेने अशोकनगर रवाना हो गई है। पुलिस के मुताबिक सिवनी निवासी गगन उपवंशी (31) ने शिकायत में बताया कि तृप्ति सिंह, उसके भाई सुधांशु सिंह और प्रखर ने उन्हें मध्य प्रदेश टूरिज्म में होटल लीज पर दिलाने की बात कही थी। आरोपियों ने अपनी पहचान और पद का प्रभाव दिखाकर उन्हें भरोसे में लिया। इसके बाद होटल की लीज दिलाने के नाम पर उनसे करीब 50 लाख रुपए ले लिए। काफी समय बाद भी होटल लीज पर नहीं मिला तो गगन को संदेह हुआ। उन्होंने आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि तृप्ति सिंह कोई IAS अधिकारी नहीं है। इसके बाद उन्होंने बागसेवनिया थाने में शिकायत की। पुलिस ने आवेदन की जांच के बाद मंगलवार देर रात तृप्ति, उसके भाई और साथी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पहले 39.17 लाख की ठगी का केस इससे पहले बागसेवनिया पुलिस ही बालाघाट निवासी फरियादी की शिकायत पर तृप्ति सिंह, सुधांशु सिंह, प्रखर सिंह और अन्य सहयोगियों के खिलाफ 39.17 लाख रुपए की ठगी का मामला दर्ज कर चुकी है। आरोप है कि तृप्ति ने खुद को ट्रेनी IAS और MPT में एडिशनल डायरेक्टर बताकर होटल-रिसोर्ट लीज पर दिलाने और नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। आरोपियों ने लीज के नाम पर 35.30 लाख और नौकरी दिलाने के नाम पर 3.87 लाख रुपए लिए थे। कुल 39.17 लाख रुपए लेने के बाद तृप्ति ने सिर्फ एक लाख रुपए ऑनलाइन वापस किए थे। अशोकनगर में पहले से दो केस एएसआई मनोज शर्मा ने बताया कि तृप्ति सिंह के खिलाफ अशोकनगर में पहले से दो मामले दर्ज हैं। अब बागसेवनिया थाने में भी उसके खिलाफ दो FIR हो चुकी हैं। पुलिस टीम उसे प्रोडक्शन रिमांड पर लेने के लिए अशोकनगर रवाना हुई है। रिमांड मिलने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद ठगी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।
Source link
फर्जी लेडी IAS तृप्ति सिंह पर चौथी FIR:MPT में होटल लीज दिलाने का झांसा देकर 50 लाख ठगे,भाई और साथी के साथ मिलकर की वारदात
