![]()
सुल्तानपुर जिले में लगातार तेज बारिश हो रही है। इस बीच, सुल्तानपुर जिले की लंभुआ विधानसभा के प्रतापपुर कमैचा ब्लॉक की ग्राम पंचायत रामगढ़ से एक वीडियो सामने आया है। इसमें एक छोटी बच्ची ने डीएम से सड़क बनवाने की मांग की है। वीडियो में बच्ची कहती है, “डीएम अंकल, प्लीज हमारी सड़क बनवा दीजिए। हम लोगों को पढ़ने जाने में बहुत समस्या होती है।” पिछले कई सालों से करीब 50-55 घरों के हजारों लोग कीचड़ और दलदल भरे रास्ते से निकलने को मजबूर हैं। छोटे बच्चे अक्सर इस दलदल में गिरते रहते हैं। इसी कीचड़ भरे रास्ते से बच्चों को स्कूल जाना पड़ता है, लेकिन उनकी परेशानी पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। उधर बुधवार को बेसिक शिक्षा के कई स्कूलों में पानी भर गया है। कुड़वार ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय धारूपुर और उच्च प्राथमिक विद्यालय धारूपुर में भी पानी भर गया है। यहां बारिश के दौरान छत से पानी भी टपक रहा है। इसकी तस्वीरें शाम 4 बजे सामने आई हैं। प्राथमिक विद्यालय धारूपुर में 78 और उच्च प्राथमिक विद्यालय धारूपुर में 79 बच्चे पढ़ते हैं। स्कूल परिसर में पानी भरने और छत से पानी टपकने से बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अभिभावकों और ग्रामीणों ने बताया कि बारिश में स्कूल की पढ़ाई पर असर पड़ता है। बच्चों के फिसलने और दूसरी दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने अधिकारियों से स्कूल परिसर से पानी निकालने और खराब छत को ठीक कराने की मांग की है।
Source link
सुल्तानपुर में बच्ची ने DM से की अपील, VIDEO:बोली- प्लीज हमारी सड़क बनवा दीजिए, पढ़ने जाने में दिक्कत होती है
