Headlines

फिरोजपुर के युवक की मलेशिया में मौत:बेटी के जन्मदिन पर मिली पिता की मौत की खबर; शव भारत लाने की परिजनों ने लगाई गुहार




फिरोजपुर की बस्ती करम सिंह वाली निवासी 32 वर्षीय मिथुन कुमार की मलेशिया में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार को 29 अगस्त को फोन के जरिए उसकी मौत की सूचना मिली। संयोग से जिस दिन मिथुन की मौत हुई, उसी दिन उसकी 9 वर्षीय बेटी नैन्सी का जन्मदिन था। बेटी के जन्मदिन पर पिता की मौत की खबर मिलने से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे शव भारत लाने की गुहार लगा रहे हैं। मिथुन के भाई गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह वर्ष 2022 में वर्क परमिट पर मलेशिया गया था और वहां मजदूरी करता था। वह बेहतर भविष्य की उम्मीद में विदेश गया था। परिवार के अनुसार, पिछले करीब 8 महीनों से मिथुन का घरवालों से कोई संपर्क नहीं था। उसने फोन नहीं किया और न ही घर पैसे भेजे। परिवार को अब तक उसकी मौत के कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी है। परिजन बोले- शव आने के बाद धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार होगा अंतिम संस्कार गुरप्रीत ने बताया कि मिथुन की पत्नी मुमताज रानी पिछले करीब तीन वर्षों से मानसिक रूप से परेशान है और ज्यादातर चुप रहती है। बेटी नैन्सी परिवार के साथ रहती है। रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने पंजाब व केंद्र सरकार तथा जिला प्रशासन से मिथुन का शव जल्द भारत लाने की व्यवस्था करने की अपील की है। परिजनों का कहना है कि शव आने के बाद ही वे धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार कर सकेंगे। मिथुन तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था और उसके पिता दारा सिंह का पहले ही निधन हो चुका है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *