![]()
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला अस्पताल के एक डॉक्टर पर मेडिकल सर्टिफिकेट बनाने के बदले रिश्वत लेने का आरोप लगा है। आरोप है कि प्रमाण पत्र बनाने के बदले उन्होंने 500 रुपए लिए। बताया जा रहा है कि डॉक्टर ने सर्टिफिकेट बनाने के लिए 1 हजार रुपए मांगे थे। मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में डॉक्टर पैसे लेते हुए नजर आ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन के जरिए की गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर रोहित व्यास ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक जांच टीम बनाई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक फिलहाल मामले की जांच चल रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ होगी। बेटी के मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे जानकारी के मुताबिक, सन्ना थाना क्षेत्र के कवई गांव के रहने वाले मुक्तेश्वर राम ने इस मामले में शपथ पत्र देकर शिकायत की है। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई 2026 को वह अपने दोस्त सहिन्द्र राम की बेटी करिश्मा का मेडिकल प्रमाण पत्र बनवाने के लिए राजा देवशरण जिला अस्पताल पहुंचे थे। मुक्तेश्वर के अनुसार, करिश्मा को आरा चौकी क्षेत्र के झपरा में बने पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में एडमिशन लेना था। छात्रावास में एडमिशन के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट जरूरी था, इसलिए वह करिश्मा का सर्टिफिकेट बनवाने जिला अस्पताल गए थे। 1 हजार मांगे, मिन्नत के बाद 500 रुपए पर बात बनी शिकायतकर्ता का आरोप है कि जिला अस्पताल में उनकी मुलाकात डॉ. धीरेन्द्र अग्रवाल से हुई। उन्होंने डॉक्टर से मेडिकल सर्टिफिकेट बनाने के लिए कहा। आरोप के मुताबिक, डॉक्टर ने इसके बदले 1 हजार रुपए की मांग की। मुक्तेश्वर ने बताया कि उनके पास इतने पैसे नहीं थे। उन्होंने डॉक्टर से कम पैसे लेने की गुजारिश की। इसके बाद कथित तौर पर डॉक्टर 500 रुपए में मेडिकल प्रमाण पत्र बनाने के लिए तैयार हो गए। रुपए देते समय मोबाइल से बनाया वीडियो मुक्तेश्वर के मुताबिक, उन्होंने डॉक्टर को 500 रुपए दिए और इसी दौरान अपने मोबाइल फोन से पैसे देने की घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में डॉक्टर को 500 रुपए लेते हुए देखा जा सकता है। सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद कलेक्टर ने गठित की जांच टीम सीएमएचओ डॉ. जीएस जात्रा ने कहा कि डॉ. धीरेन्द्र अग्रवाल से जुड़ी शिकायत सीएम हेल्पलाइन के जरिए मिली है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर रोहित व्यास ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए टीम बनाई है। जांच टीम मामले की जांच कर रही है। इस दौरान संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है और जरूरी गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी वास्तविक स्थिति स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मामले की जांच अभी चल रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों और सबूतों के आधार पर रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए रिश्वत लेने का आरोप, VIDEO:जशपुर जिला अस्पताल के डॉक्टर ने मांगे पैसे, CM हेल्पलाइन में शिकायत, कलेक्टर ने जांच टीम बनाई
