![]()
बहादुरगढ़ शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान नागरिक अस्पताल के पास देर रात प्रशासनिक टीम और सफाई कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। प्रशासनिक टीम की शिकायत पर थाना सेक्टर-6 पुलिस ने नगरपालिका कर्मचारी संघ के प्रधान समेत करीब 40 सफाई कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इनमें 21 कर्मचारियों को नामजद किया गया है, जबकि अन्य की पहचान पुलिस जांच के दौरान की जाएगी। सफाई अभियान के लिए पहुंची थी प्रशासन-पुलिस की टीम नायब तहसीलदार बहादुरगढ़ प्रवीण कुमार की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, विशेष स्वच्छता अभियान के तहत टीम-3 को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शहर से कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी दी गई थी। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल नागरिक अस्पताल के पास जमा कूड़े को उठाने के लिए पहुंचे थे। शिकायत के अनुसार, वहां करीब 35-40 सफाई कर्मचारी मौजूद थे और प्रशासन तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। प्रशासनिक टीम ने जब कूड़ा उठाने का काम शुरू करने का प्रयास किया तो कर्मचारियों ने इसका विरोध किया और टीम को काम करने से रोकने का प्रयास किया। कांच की बोतलें और पत्थर फेंकने का आरोप पुलिस शिकायत में गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्रशासन की ओर से आरोप लगाया गया है कि विरोध कर रहे लोगों ने टीम की तरफ कूड़ा-कचरा, कांच की बोतलें, पत्थर और नारियल आदि फेंके। इसके अलावा प्रशासनिक टीम के साथ धक्का-मुक्की और बल प्रयोग करने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के दौरान मौके पर पुलिस बल मौजूद था। विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से चलाया जा रहा विशेष स्वच्छता अभियान शहर में लंबे समय से जमा कूड़े को हटाने और सफाई व्यवस्था बहाल करने के उद्देश्य से किया जा रहा था। हड़ताल के बीच प्रशासन और सफाई कर्मचारियों में बढ़ा विवाद बहादुरगढ़ में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर के विभिन्न हिस्सों में कूड़ा जमा होने की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाकर कूड़ा उठाने की कोशिश की जा रही है। इसी दौरान सफाई कर्मचारी अभियान का विरोध कर रहे हैं। इससे पहले भी प्रशासन और सफाई कर्मचारियों के बीच सफाई व्यवस्था को लेकर टकराव की स्थिति सामने आ चुकी है। देर रात हुए इस विवाद के बाद मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। 21 कर्मचारी नामजद, करीब 40 पर केस पुलिस ने मामले में राजेश, सुनील, संदीप, राजपाल, संदीप, अमित, सरोज, कुलदीप, सुभाष, दलबीर, धर्मबीर, सत्यवान, वजीर, मीना, सुषमा, प्रमीला, राकेश, अशोक, लीलाराम, अमित और राजेन्द्र को नामजद किया है। इनके अलावा मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। सात धाराओं में FIR थाना सेक्टर-6 प्रभारी सत्यवीर सिंह ने बताया कि नायब तहसीलदार की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 121(1), 132, 190, 191(2), 221, 270 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच ASI जलवीर को सौंपी गई है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और उपलब्ध वीडियो फुटेज समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सफाई कर्मचारियों ने प्रशासन पर लगाए आरोप
दूसरी ओर, सफाई कर्मचारियों ने प्रशासन पर उनके साथ गलत रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों का कहना है कि वे अपनी मांगों और हक के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उनका आरोप है कि पुलिस ने कर्मचारियों पर लाठी चलाई और महिला सफाई कर्मचारियों को घसीटकर ले जाया गया। कर्मचारियों का कहना है कि वे अपने परिवार का पेट पालने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांगों पर बातचीत कर समाधान निकालने और कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की मांग की है।
Source link
बहादुरगढ़ में सफाई अभियान के दौरान हंगामा विवाद:प्रशासनिक टीम पर कांच की बोतलें-पत्थर फेंकने का आरोप, संघ प्रधान समेत 40 कर्मचारियों पर FIR, 21 कर्मचारी नामजद
