Headlines

मेरठ में टोल कारोबारियों के घर ईडी का छापा:फर्जी सॉफ्टवेयर से टोल पर अवैध वसूली, मनी लॉन्ड्रिंग की जांच, छह-सात घंटे चली कार्रवाई




एनएचएआई के टोल प्लाजा पर फर्जी सॉफ्टवेयर के जरिए अवैध वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई बुधवार को मेरठ तक पहुंच गई। देश के सात राज्यों और दिल्ली-एनसीआर में एक साथ 14 ठिकानों पर छापेमारी के दौरान ईडी की टीम गंगानगर के राधा गार्डन स्थित एक मकान पर भी पहुंची। टोल कारोबार से जुड़े बताए जा रहे रविंद्र कुमार शर्मा और उनके भाई देवेंद्र कुमार शर्मा के घर पर टीम ने करीब छह से सात घंटे तक छानबीन की। घर से मिले दस्तावेज और अन्य कागजात टीम अपने कब्जे में लेकर रात में लौट गई। कार्रवाई इतनी गोपनीय रही कि आसपास के लोगों को भी कई घंटे तक इसकी भनक नहीं लगी। बुधवार को ईडी की कार्रवाई शुरू होने के बाद लखनऊ जोनल की एक टीम गंगानगर स्थित राधा गार्डन पहुंची। टीम एक वाहन में सवार होकर वहां पहुंची और सीधे मकान में दाखिल हो गई। अंदर प्रवेश करते ही टीम ने दरवाजा बंद करा लिया। दो सुरक्षाकर्मी गेट पर तैनात कर दिए। इसके बाद मकान के अलग-अलग हिस्सों में गहन छानबीन शुरू की गई। बताया जा रहा है कि ईडी अधिकारियों ने घर में मौजूद दस्तावेजों, कागजात और अन्य रिकॉर्ड की जांच की। जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण दस्तावेजों को टीम ने अपने कब्जे में ले लिया। टोल कारोबार से जुड़ा है परिवार
जिस परिवार के यहां ईडी की कार्रवाई हुई, उसके टोल कारोबार से जुड़े होने की बात सामने आ रही है। बताया जाता है कि राधा गार्डन निवासी रविंद्र कुमार शर्मा और उनके भाई देवेंद्र कुमार शर्मा टोल कारोबार से जुड़े हैं। इसी कड़ी में एनएचएआई के टोल प्लाजा पर कथित तौर पर फर्जी सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल से अवैध वसूली और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले की जांच के दौरान मेरठ के इस ठिकाने को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया। देवेंद्र बाहर, रविंद्र शर्मा से पूछताछ
सूत्रों के मुताबिक जिस समय ईडी की टीम मकान पर पहुंची, उस समय देवेंद्र कुमार शर्मा अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद नहीं थे। वह परिवार के साथ कहीं घूमने गए हुए हैं। ऐसे में टीम ने घर पर मौजूद रविंद्र कुमार शर्मा और उनकी पत्नी से पूछताछ की। अधिकारियों ने उनसे टोल कारोबार से जुड़े लेन-देन, दस्तावेजों और अन्य जानकारियों के बारे में जानकारी ली। छह-सात घंटे तक घर में डटी रही टीम
ईडी की टीम करीब छह से सात घंटे तक मकान में रही। इस दौरान घर के भीतर लगातार दस्तावेजों की जांच चलती रही। सूत्रों के अनुसार टीम ने काफी संख्या में दस्तावेज जुटाए और उन्हें अपने साथ ले गई। देर रात कार्रवाई पूरी होने के बाद टीम बिना किसी से बातचीत किए वहां से रवाना हो गई। बाहर चस्पा किया नोटिस
ईडी की टीम ने कार्रवाई की जानकारी वाला एक नोटिस मकान के बाहर भी चस्पा किया है। इसी नोटिस के बाद स्थानीय लोगों को कार्रवाई की पुष्टि हुई। इससे पहले कई घंटे तक आसपास के लोगों को यह तक पता नहीं था कि मकान के भीतर केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम छानबीन कर रही है। पुलिस को भी देर से लगी भनक
पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय रखा गया। टीम के पहुंचने से लेकर मकान के भीतर जांच पूरी होने तक स्थानीय पुलिस को भी इसकी जानकारी नहीं दी गई थी। आसपास चर्चा शुरू होने के बाद मामला धीरे-धीरे फैलने लगा। इसके बाद गंगानगर पुलिस को भी कार्रवाई की जानकारी मिली। रात तक मीडिया तक भी ईडी की दबिश की सूचना पहुंची।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *