जयपुर39 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

राजस्थान में पिछले एक सप्ताह से चल रहा मानसून का ब्रेक बुधवार को खत्म हुआ। भरतपुर के रूपवास में इलाके में 1 इंच से ज्यादा बरसात हुई।
जयपुर, धौलपुर, करौली के कई हिस्सों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने राज्य में गुरुवार को भी जयपुर, भरतपुर संभाग के एरिया में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।
वहीं, 4 सितंबर से बारिश की गतिविधियां तेज होने और जयपुर, भरतपुर के साथ कोटा, अजमेर संभाग के एरिया में बरसात होने का अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश में बारिश की स्थिति

मानसून के बड़े अपडेट्स
24 घंटे में कहां-कहां हुई बारिश: सबसे ज्यादा बरसात भरतपुर के रूपवास में 27MM बारिश दर्ज हुई। धौलपुर के बाड़ी में 12, करौली के बालघाट पर 18MM बरसात हुई। इनके अलावा नादौती, सैंपउ, बसेड़ी, राजाखेड़ा समेत कई इलाकों में हल्की बारिश (10MM से कम) हुई।
भारी बारिश की भी आशंका: मौसम विशेषज्ञों ने बताया- बंगाल की खाड़ी में बना वेलमार्क लो-प्रेशर सिस्टम 24 घंटे के दौरान दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश के हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है। इसके असर से राजस्थान में 4 सितंबर से बारिश का दौर तेज होगा। भरतपुर, कोटा संभाग में 5 से 7 सितंबर के बीच तेज और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की भी आशंका है।
पश्चिमी जिलों में सूखा रहेगा मौसम: पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग के एरिया में आगामी दिनों में मानसून के सुस्त ही रहने की संभावना है। बुधवार को राज्य के बीकानेर संभाग में सबसे ज्यादा गर्मी रही। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस श्रीगंगानगर में दर्ज हुआ।


आगे कैसा रहेगा मौसम



राजस्थान के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल
जयपुर: बुधवार दोपहर बाद मौसम में बदलाव हुआ। कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। सांगानेर एयरपोर्ट पर 8MM जबकि जेएलएन मार्ग पर करीब 2.5MM पानी बरसा। ग्रामीण इलाकों में चौमूं, बस्सी समेत आसपास के क्षेत्र में हल्की बारिश हुई। मौसम के इस बदलाव से जयपुर में उमस बढ़ गई। दिन का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

जयपुर में करीब एक हफ्ते बाद बुधवार मानसून फिर एक्टिव हुआ। राजधानी में आने वाले दिनों में तेज बारिश की संभावना है।
अलवर: बुधवार सुबह से मौसम सामान्य बना हुआ है। दिन चढ़ने के साथ गर्मी और उमस का असर बढ़ गया। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान जताया था, लेकिन बारिश नहीं हुई। पिछले करीब एक सप्ताह से बारिश का दौर थमा हुआ है।

अलवर में भी पिछले कई दिनों से बारिश का दौर थमा हुआ है। इस कारण गर्मी-उमस बढ़ गई है।
जोधपुर:यहां अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिन में बारिश की संभावना नहीं है।

जोधपुर में इस साल मानसून काफी कमजोर रहा है। जिले करीब 10 दिन से बिल्कुल बारिश नहीं हुई है।
कोटा: बुधवार को आसमान साफ रहा। दोपहर में कुछ समय बादल छाए रहे। शाम तक बारिश नहीं हुई। तापमान में कोई उतार चढ़ाव नहीं हुआ। अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री व न्यूनतम 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लोग गर्मी व उमस से परेशान रहे। मौसम विभाग में कल से दो दिन कोटा संभाग में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

कोटा में सुबह तेज धूप रही। दोपहर बाद हल्की बादल छाए, लेकिन बारिश नहीं होने से उमस बढ़ गई है।
उदयपुर: सुबह से दिनभर तेज धूप खिली रही। उमस से भी लोग परेशान रहे। दिन के तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ। मौसम विभाग ने आगे 3 से 4 दिनों में इसी तरह के मौसम की संभावना जताई है। बुधवार को तापमान 32.3 डिग्री दर्ज किया गया।

उदयपुर में बीते एक सप्ताह से बारिश नहीं होने से गर्मी बढ़ गई है। बुधवार को यहां बादल छाए रहे।
अजमेर: बुधवार को दिनभर गर्मी और उमस का असर रहा। अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री और न्यूनतम 22.9 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश नहीं होने से उमस और गर्मी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल आसमान में बादलों की आवाजाही के बावजूद बारिश की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं।

अजमेर में दिनभर गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया।
सीकर: मौसम बदलने के कारण तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखा गया। सीकर में फिलहाल बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है। अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में पिछले डेढ़ सप्ताह से बारिश नहीं हुई है।

सीकर में बुधवार सुबह से हल्के बादल छाए रहे। हालांकि, पूरे जिले में कहीं बारिश नहीं हुई।

